'रन बनाना होगा वरना कतार लंबी है', हरभजन सिंह ने दी भारतीय कप्तान को चेतावनी
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में खत्म हुई 3 मैचों की टी20 सीरीज के बाद अब 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है, जिसके पहले मैच में भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे। विराट कोहली, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत और कई सीनियर खिलाड़ियों की गैर मौजूदगी में कप्तान अजिंक्य रहाणे के लिये यह बड़ी चुनौती साबित होने वाली है क्योंकि उन्हें न सिर्फ टीम को जीत दिलानी है बल्कि अपनी फॉर्म को भी साबित करना है। इस बीच क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कानपुर टेस्ट को लेकर भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे को चेतावनी दी है और बताया कि यह सीरीज उनके लिये काफी अहम साबित होने वाली है जिसमें अगर वो मौके का फायदा नहीं उठा पायेंगे तो उनको दिक्कत हो जायेगी।
हरभजन सिंह का मानना है कि अजिंक्य रहाणे को सिर्फ कप्तानी की वजह से टीम में जगह दी है जो कि उनके लिये सुनहरा मौका है, अगर इसमें वो बड़ी पारी नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह लेने वाले कई सारे खिलाड़ी हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले 2 सालों में अजिंक्य रहाणे की फॉर्म कुछ खास नहीं रही है और 19.58 की औसत से भी कम रन बनाये हैं।
और पढ़ें: IND vs NZ: कानपुर टेस्ट में डेब्यू करेगा यह दिग्गज खिलाड़ी, अजिंक्य रहाणे ने बताया नाम

टीम मैनेजमेंट ने जताया है भरोसा
स्पोर्टसकीड़ा से बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि अगर अजिंक्य रहाणे भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में रन नहीं बनायेंगे तो काफी मुश्किल में फंस जायेंगे। पहले टेस्ट पर रिव्यू देते हुए हरभजन ने कहा कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ की तरफ से उन्हें बैक करते हुए देखना काफी अच्छा लग रहा है लेकिन अगर वो अपनी इस फॉर्म को बरकरार रखते हैं तो उनकी जगह पर खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि सूर्यकुमार यादव जैसे कई खिलाड़ी तैयार हैं जो उनकी जगह ले सकते हैं।
उन्होंने कहा,'टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने आराम का फैसला किया है और फिर वहां पर अजिंक्य रहाणे हैं जिनको लेकर हम सोच रहे थे कि क्या उन्हें टीम में जगह मिलेगी या नहीं, हालांकि यह देखकर अच्छा लगा कि मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताते हुए कप्तानी सौंपी है। उन्होंने पिछले 11 मैचों में कुछ खास नहीं किया है और लगभग 19 की औसत से रन बनाये हैं। वह काफी शानदार क्रिकेटर हैं लेकिन प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।'

रन नहीं बनाये तो टिके रहना मुश्किल
हरभजन ने आगे बात करते हुए कहा कि यह देखकर अच्छा लग रहा है कि विराट, रोहित और राहुल द्रविड़ ने उन्हें टीम में बरकरार रखने पर भरोसा जताया है और उन्हें कप्तानी भी दी है। मैं उम्मीद करता हूं कि वो टीम को जीत के साथ आगे ले जायें और अपने बल्ले से भी कुछ रन बनायें ताकि हमें कुछ और पारियां देखने को मिले। अगर वो ज्यादा रन नहीं बनाते हैं तो उनकी जगह लेने वाले खिलाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई है। सूर्यकुमार यादव समेत बहुत सारे खिलाड़ी इंतजार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2021 के फाइनल में हार के बाद यह पहली बार है जब भारत और न्यूजीलैंड की टीम टेस्ट सीरीज में भिड़ेंगी। इतना ही नहीं यह भारत के लिये अपनी सरजमीं पर 8-9 महीनों में खेली जाने वाली पहली सीरीज है।

जीत के साथ भारत को करनी चाहिये शुरुआत
हरभजन ने आगे बात करते हुए कहा कि भारत को अच्छी क्रिकेट खेलकर शुरुआत करनी चाहिये। भारत के लिये यह सीरीज काफी अहम होने वाली है क्योंकि न्यूजीलैंड की यह टीम काफी मजबूत है और भारत में भी अच्छा प्रदर्शन करने का दम रखती है। मुझे उम्मीद है कि हमें भारत में अच्छी क्रिकेट पिच देखने को मिलेंगी।
उन्होंने कहा,'भारत का इंग्लैंड दौरा काफी शानदार रहा, भले ही आखिरी टेस्ट मैच न हो सका हो। इंग्लैंड दौरे के बाद भारत ने आईपीएल और विश्वकप में बहुत सारी टी20 क्रिकेट खेली और यह उनके लिये एक नये सीजन की तरह है जिसमें वो लंबे समय बाद घर पर टेस्ट सीरीज खेलने जा रहे हैं। उम्मीद है जीत के साथ शुरुआत करेंगे।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
