
वैगनर ने बताया कीवी टीम का प्लान
दूसरे टेस्ट मैच से पहले नील वैगनर ने भारतीय बल्लेबाजों को चेतावनी देते हुए कहा कि ओवल के मैदान पर बल्लेबाजी करना एक बार फिर से आसान नहीं होगी क्योंकि यहां कि पिच वेलिंगटन की ही तरह गेंदबाजों के अनुकूल होगी, ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को 'चिन म्यूजिक' का सामना करना होगा।
वैगनर ने कहा कि शनिवार से शुरु हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में भी कीवी टीम पुरानी रणनीति के साथ उतरेगी और भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ शार्ट पिच और बाउंसर गेंदों से परेशान करेगी।

वैगनर ने बताया क्राइस्टचर्च में खेलना क्यों है मुश्किल
नील वैगनर ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों के लिये क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेलना भी मुश्किल होगा क्योंकि यहां कि पिच में काफी उछाल और तेजी देखने को मिलेगी। पहले टेस्ट मैच में नील वैगनर की गैर मौजूदगी में कीवी टीम ने काइल जैमिसन को डेब्यू करने का मौका दिया था जिन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को राउंड द विकेट से शॉर्ट पिच गेंदें करके परेशान किया।
वैगनर ने कहा, 'निश्चित तौर पर उनके लिए यहां खेलना मुश्किल होगा जहां थोड़ा अधिक उछाल और तेजी है। भारत में खेलने से यह बिल्कुल अलग है जहां बहुत अधिक उछाल और तेजी नहीं होती है।'

भारतीय टीम करेगी वापसी लेकिन हारना तय
कीवी कोच गैरी स्टीड की तरह वैगनर का भी मानना है कि भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे लेकिन उन्हें उम्मीद है कि न्यूजीलैंड की टीम अपनी तरफ से किसी तरह की ढिलायी नहीं बरतेगी और मेहमान टीम की परेशानियां बढ़ाने में कामयाब रहेगी।
उन्होंने कहा, 'उम्मीद है कि हम उन पर शिकंजा कसने में सफल रहेंगे और उसी तरह से गेंदबाजी करेंगे जैसे हमने वेलिंगटन में की थी। अगर हम दबाव बनाए रख पाते हैं तो इससे हम खुद के लिए काम आसान करेंगे।'

इस वजह से हारी भारतीय टीम
नील वैगनर ने भारत की हार के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि क्याोंकि यह टेस्ट सीरीज काफी छोटी है और भारतीय बल्लेबाजों को परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया, यही कारण है कि वो इन मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।
वैगनर ने कहा, 'कई बार जब आप विदेशी दौरों पर होते हैं तो परिस्थितियों से तालमेल बिठाने में एक या दो मैच लग जाते हैं। इसमें कोई शक नहीं कि वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे और दमदार वापसी करेंगे।'


Click it and Unblock the Notifications
