नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए जल्द ही भारतीय टीम का ऐलान हो सकता है। भारत T20I और टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगा। अब यह लगभग तय है कि विराट कोहली द्वारा कप्तानी छोड़ने के साथ ही रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में कप्तानी संभालेंगे। हालांकि, बड़ी खबर यह है कि रोहित को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए कप्तान बनाया जा रहा है। वहीं कोहली को आराम दिया जाएगा और फिर दूसरे और अंतिम टेस्ट के लिए बताैर कप्तान शामिल कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, कोहली के अलावा बाकी अनुभवी खिलाड़ियों जैसे जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को T20I सीरीज से बाहर किया जा सकता है। टी20 विश्व कप के तीन मैचों में कोई भी विकेट नहीं लेने वाले मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2021 संस्करण में पर्पल कैप जीतने वाले हर्षल पटेल से अपनी जगह खो सकते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड दौरे पर फॉर्म में गिरावट के बावजूद टेस्ट उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे को एक और मौका मिल सकता है, जबकि केएल राहुल को टी20ई सीरीज के लिए उप-कप्तान बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- नजरिया : इस टूर्नामेंट को भूल जाइए, बताैर कप्तान तो कई दिग्गजों को पछाड़ते हैं कोहली
श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर को T20I टीम में चुना जाएगा
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि विश्व कप टीम में रिजर्व के रूप में रहने वाले, श्रेयस अय्यर और दीपक चाहर इस बार मुख्य टीम का हिस्सा होंगे। राहुल चाहर ने विश्व कप में नामीबिया के खिलाफ 30 रन दिए थे, लेकिन कोई विकेट नहीं ले सके। लेकिन उनके टीम में बने रहने की उम्मीद है, जबकि युजवेंद्र चहल की वापसी की अभी कोई खबर नहीं है। जहां तक रोहित शर्मा को पहले टेस्ट के लिए कप्तान बनाए जाने का सवाल है, तो सूत्रों ने साफ किया है कि यह केवल एक मैच के लिए उठाया गया कदम है और कोहली दूसरे टेस्ट से कार्यभार संभालेंगे। टेस्ट टीम उसकी है और उसने शानदार प्रदर्शन किया है।
टी20 सीरीज
पहला मैच- 17 नवंबर : जयपुर
दूसरा मैच- 19 नवंबर : रांची
तीसरा मैच- 21 नवंबर : कोलकाता
टेस्ट सीरीज
पहला टेस्ट : 25 से 29 नवंबर : कानपुर
दूसरा टेस्ट : 3 से 07 दिसंबर : मुंबई