
भारत का सबसे बड़ा हथियार बन सकते हैं रोहित शर्मा
अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में रोहित शर्मा ने हमेशा ही न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है और इस प्रारूप में कीवी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में टॉप पर काबिज हैं। वहीं ऑलओवर रिकॉर्ड की बात करें तो रोहित शर्मा पाकिस्तान के मोहम्मद हाफिज (18 पारियों में 563) और इंग्लैंंड के इयोन मोर्गन (14 पारियों में 424) के बाद तीसरे नंबर पर काबिज हैं। अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में रोहित शर्मा ने कीवी टीम के खिलाफ 13 पारियों में 137.95 की स्ट्राइक रेट से 338 रन बनाये हैं। इस लिस्ट में श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान (324) और इंग्लैंड के डेविड मलान (6 पारियों में 320) का नाम भी शामिल है।

ईश सोढ़ी के खिलाफ जमकर बरसे हैं रोहित शर्मा
वहीं सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो रोहित शर्मा का नाम सबसे ऊपर काबिज हैं, जिन्होंने कुल 4 बार अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। इतना ही नहीं पिछले 2 मैचों में जब वो न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने उतरे हैं तो अर्धशतक जड़ा है। इतना ही नहीं दुबई के मैदान पर खेले जाने वाले इस अहम मैच में कीवी टीम के सबसे बड़े हथियार ईश सोढ़ी के खिलाफ भी रोहित शर्मा का बल्ला खूब जमकर बोला है और उन्होंने सोढ़ी के खिलाफ 5 पारियों में 139 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये हैं। आखिरी मैच में जब रोहित शर्मा कीवी टीम के खिलाफ खेलने उतरे थे तो उन्होंने 60 रनों की पारी खेली थी और ईश सोढ़ी के खिलाफ 145 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये थे। पाकिस्तान के खिलाफ ईश सोढ़ी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाकर उसके मध्यक्रम को परेशान किया था।

सोढ़ी से पहले बोल्ट से होगा बचना, खराब हैं आंकड़े
हालांकि ईश सोढी का सामना करने से पहले भारतीय टीम के इस सलामी बल्लेबाज को ट्रेंट बोल्ट का सामना करना पड़ेगा जिसके सामने यह बल्लेबाज संघर्ष करता नजर आता है। ट्रेंट बोल्ट भी शाहीन शाह अफरीदी की तरह लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाजी करते हैं और उनके खिलाफ रोहित शर्मा का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। बोल्ट के खिलाफ 7 पारियों में रोहित शर्मा ने सिर्फ 29 रन ही बनाये हैं और 3 बार अपना विकेट भी खोया है। रोहित शर्मा अपने टी20 करियर में अब तक 14 बार लेफ्ट आर्म पेसर के खिलाफ अपना विकेट गंवा चुके हैं और इन गेंदबाजों के खिलाफ उनका औसत भी सबसे कम रहा है। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के विदेशी दौरों पर शानदार प्रदर्शन कर लेफ्ट आर्म पेस गेंदबाजी के खिलाफ अपनी कमजोरी को दूर जरूर किया था लेकिन अफरीदी के खिलाफ पहली गेंद पर डक आउट होने के बाद फिर से सवाल खड़े हो गये हैं।


Click it and Unblock the Notifications
