
8 साल में पहली बार ओपन करने नहीं उतरे रोहित
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस अहम मैच में जब विराट कोहली ने अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान किया तो सभी के मन में यही सवाल उठा कि भारत के लिये इस मैच में रोहित शर्मा के साथ किस खिलाड़ो को ओपनिंग का मौका मिलेगा। ईशान किशन और केएल राहुल दोनों ही बल्लेबाजों ने ओपनिंग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है जिसके बाद यह सवाल जायज था, हालांकि जब ओपनिंग करने की बारी आयी तो विराट कोहली ने जिस जोड़ी को भेजा उसने सभी को चौंका दिया। विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में ईशान किशन और केएल राहुल को ओपनिंग करने के लिये भेजा।
उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत में बतौर मध्यक्रम बल्लेबाज ही खेलना शुरू किया था लेकिन साल 2013 में जब से उन्होंने ओपनिंग का जिम्मा संभाला तब से वो भारत के लिये सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शुमार हो गये। इतना ही नहीं रोहित शर्मा ने इस नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया जिसके चलते कोई दूसरा बल्लेबाज ओपनिंग में उन्हें चुनौती नहीं दे सका।

इस वजह से रोहित से नहीं करायी ओपनिंग
टी20 प्रारूप में भारत के लिये पिछले 8 सालों में यह पहला मौका है जब रोहित शर्मा पारी का आगाज करना नहीं उतरे। माना जा रहा है कि विराट कोहली ने यह कदम कीवी टीम के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की रणनीति के जवाब में उठाया। उल्लेखनीय है कि लेफ्ट ऑर्म गेंदबाजों के खिलाफ रोहित शर्मा 14 बार अपना विकेट गंवा चुके हैं और ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ ऐसा फिर से न हो सके, इस वजह से कप्तान कोहली ने यह कदम उठाया। हालांकि कप्तान विराट कोहली का यह गेम प्लान सफल नहीं हो सका और सलामी बल्लेबाजी करने आये ईशान किशन महज 8 गेंदों का सामना कर 4 रन ही बना सके और ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में डीप मिड विकेट पर खड़े डैरिल मिचेल को कैच थमा बैठे।

पावरप्ले में फिर फेल हुई विराट सेना
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था और 3 विकेट खोकर मैच हार गये। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में भी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावरप्ले में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खो दिया और सिर्फ 35 रन ही बना सकी। टी20 विश्वकप 2021 के दौरान यह किसी भी टीम की तरफ से पावरप्ले में दुबई के मैदान पर बनाया गया 7वां न्यूनतम स्कोर है। ईशान किशन के आउट होने के बाद केएल राहुल (18) भी टिम साउथी की गेंद पर डीप मिड विकेट में खड़े डैरिल मिचेल को कैच थमाकर वापस पवेलियन लौट गये।


Click it and Unblock the Notifications