IND vs NZ: क्या ऋद्धिमान साहा की तरह सिर्फ बल्लेबाजी कर मैदान छोड़ सकता है खिलाड़ी, जानें क्या कहते हैं नियम
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ हो गया है, जहां पर भारतीय टीम जीत की कगार पर पहुंच कर मैच को अपने पक्ष में करने में नाकाम रही। कानपुर के मैदान पर खेले गये इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 345 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में कीवी टीम ने 245 रन बनाये। 49 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 234 रन बनाकर पारी घोषित कर दी, वहीं 284 रन का पीछा करते हुए कीवी टीम ने 155 रन पर अपने 9 विकेट खो दिये थे। हालांकि आखिरी 9 ओवर्स में भारतीय टीम एक विकेट निकाल पाने में नाकाम रही और कीवी टीम के लिये एजाज पटेल और रचिन रविंद्र ने 52 गेंदों का सामना कर मैच को ड्रॉ करा दिया।
कानपुर में खेले गये इस मैच में फैन्स को कई शानदार चीजें देखने को मिली जिसमें श्रेयस अय्यर का डेब्यू मैच में शतक और अर्धशतक लगाना सबसे बड़ी उपलब्धि रहा, तो वहीं पर अक्षर पटेल ने अपने चौथे टेस्ट मैच में 5वीं बार 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया। इस दौरान कई बार ऐसी परिस्थितियां बनी जहां पर कीवी टीम मैच में वापसी करती नजर आयी और लगा कि मैच भारत के हाथ से निकल सकता है। पहली पारी में विल यंग और टॉम लैथम के बीच हुई 151 रनों की नाबाद साझेदारी उसमें शुमार रही तो वहीं दूसरी पारी में महज 51 रन के स्कोर पर भारतीय टीम के 5 खिलाड़ियों को वापस भेजना भी शामिल रहा।
और पढ़ें: IND vs NZ: कहां हुई भारतीय टीम से गलती, 4 साल में पहली बार खेलना पड़ा ड्रॉ

ऋद्धिमान साहा ने भी खींचा फैन्स का ध्यान
इस दौरान एक और चीज रही जिसने अपनी ओर फैन्स का ध्यान खींचा। पहली पारी में बल्लेबाजी करने के बाद भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा मैदान पर विकेटकीपिंग के लिये नहीं उतर सके। बीसीसीआई ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साहा के गले में अकड़न होने की वजह से उनका विकेटकीपिंग कर पाना मुश्किल है, जिसके चलते श्रीकर भरत को विकेटकीपिंग के लिये बुलाया गया। श्रीकर भरत ने अपने डेब्यू से पहले ही विकेटकीपिंग का जिम्मा उठाया और कुछ शानदार विकेट भी हासिल किये। वहीं जब दूसरी पारी में भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही थी तो ऋद्धिमान साहा ने नाबाद 65 रनों की पारी खेलकर मुश्किलों से बाहर निकाला। ऐसे में लगा कि शायद साहा की चोट ठीक हो गई है और वो दूसरी पारी में विकेटकीपिंग के लिये मैदान पर वापसी करेंगे।
हालांकि जब मैच के आखिरी दिन भारतीय टीम फील्डिंग के लिये उतरी तो विकेटकीपिंग ग्ल्वस एक बार फिर से श्रीकर भरत के हाथ में नजर आये और बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से उनकी गर्दन की जकड़न की बात कहते हुए विकेटकीपिंग न करने की बात की पुष्टि की। ऐसे में फैन्स के मन में यह सवाल उठा कि क्या वाकई में टीम ऐसा कर सकती है क्योंकि विपक्षी टीम इस बात पर सवाल उठा सकती है कि अगर खिलाड़ी बल्लेबाजी के लिये फिट है तो विकेटकीपिंग क्यों नहीं कर सकता।

जानें क्या कहते हैं खेल के नियम
साहा के मामले में क्रिकेट से जुड़े नियमों को लेकर भी सवाल पूछे जा रहे हैं, जिस पर बात करते हुए हम आपको बता दें कि क्रिकेट में खिलाड़ियों के चोटिल होने पर रिप्लेसमेंट को लेकर जो नियम है उसके अनुसार खिलाड़ी उसकी जगह फील्डिंग कर सकता है, हालांकि वो उस खिलाड़ी की जगह गेंदबाजी या बल्लेबाजी नहीं कर सकता है। विकेटकीपिंग को फील्डिंग का ही हिस्सा माना जाता है, जिसके चलते जब फील्डिंग की बारी आयी तो ऋद्धिमान साहा को दोनों पारियों में रिप्लेसमेंट की अनुमति मिल गई। वहीं बल्लेबाजी के लिये जब तक खिलाड़ी कनकशन की वजह से बाहर नहीं होता टीमों को उसकी जगह कोई दूसरा रिप्लेसमेंट नहीं मिल सकता, इसी वजह से कानपुर टेस्ट में ऋद्धिमान साहा को सिर्फ बल्लेबाजी करने और केएस भरत को उनकी जगह विकेटकीपिंग की अनुमति मिल गई।

क्या मुंबई टेस्ट में खेलेंगे ऋद्धिमान साहा
गौरतलब है कि कानपुर टेस्ट में जिस तरह से ऋद्धिमान साहा की फिटनेस रही है, उसके बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या वो सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में टीम की प्लेइंग 11 का हिस्सा बन सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मुंबई में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में कप्तान विराट कोहली की भी वापसी हो रही है, तो ऐसे में प्लेइंग 11 में बदलाव होना तो तय है, हालांकि किस खिलाड़ी को बाहर कर किसे मौका दिया जायेगा यह देखना काफी रोमांचक होगा।
कानपुर टेस्ट में विराट कोहली की जगह शामिल किये गये श्रेयस अय्यर ने जिस तरह से पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ा है उसके बाद उन्हें मुंबई टेस्ट से बाहर रखना काफी मुश्किल हो गया है। ऐसे में अगर साहा को आराम देकर कोहली को उनकी जगह खिलाया जाता है तो विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी किसे दी जायेगी यह सवाल खड़ा हो जायेगा। ऐसे में भारतीय टीम 2 बदलाव कर सकती है और साहा की जगह केएस भरत को मौका दे और मध्यक्रम में अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा में से किसी एक खिलाड़ी को आराम देकर उनकी जगह विराट कोहली को मौका दे। आपको बता दें कि भारतीय टीम के लिये इन दोनों ही खिलाड़ियों का फॉर्म पिछले काफी समय से खराब गुजर रहा है लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें अतिरिक्त मौका देने के बारे में भी विचार कर सकता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications