ये हैं वो तीन क्रिकेट खिलाड़ी जो भारत और पाकिस्तान दोनों की टीमों में खेले
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच आजादी के बाद से ही रिश्त कभी भी कुछ खास नहीं रहें, हालांकि इस कड़वाहट के बीच खेल के मैदान पर अक्सर कुछ रोमांचक देखने को मिल जाता था। हालांकि पिछले काफी समय से दोनों देशों के बीच चल रही टेंशन की वजह से कोई भी द्वीपक्षीय सीरीज नहीं खेली जा रही है। इतना ही नहीं क्रिकेट के अलावा भी दोनों देशों के बीच किसी भी तरह के खेल में एक-दूसरे की सरजमीं पर मुकाबले नहीं हो रहे हैं। हालांकि बावजूद इसके भारत और पाकिस्तान के बीच की राइवलरी क्रिकेट की दुनिया में किसी अन्य देश के मुकाबले में सबसे अधिक प्रसिद्ध मुकाबला है फिर चाहे वो हॉकी का मैदान हो या फिर क्रिकेट का।
टीवी रेटिंग्स फर्मों और कई अन्य रिपोर्टों के अनुसार, भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को दुनिया भर में करीब एक अरब लोग देखते है। 2011 के विश्व कप सेमीफाइनल में हुई भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत को दुनिया में करीब 988 मिलियन दर्शकों ने टेलीविजन पर देखा था। इतना ही नहीं 2019 विश्व कप के दौरान हुए भारत-पाकिस्तान मैच को दुनिया में सबसे ज्यादा बार देखा गया है। 2015 के विश्वकप के दौरान भारत-पाकिस्तान मैच की सारी टिकट मात्र 12 मिनट में ही बिक गई थी।
और पढ़ें: ब्रायन लारा हैरान, कहा- ये 4 भारतीय गेंदबाज मुझे विंडीज के पुराने समय की याद दिलाते हैं
इन सब के बीच शायद ही बात आप सबको पता है और लोगों को काफी रोमांचित भी करती है कि कुछ ऐसे भी खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने अपने करियर में भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के लिए क्रिकेट खेला है। आइये एक नजर उन खिलाड़ियों पर भी डालते हैं:

आमिर इलाही (Amir Elahi)
लाहौर में जन्मे पूर्व क्रिकेटर आमिर इलाही को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। इलाही ने अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत भारतीय टीम के साथ की थी। क्रिकइन्फो के डेटा के अनुसार इलाही ने 1947 में भारत की तरफ से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू टेस्ट खेला था। हालांकि टीम इंडिया में उनका साथ ज्यादा नहीं रहा सिर्फ एक मैच खेलने के बाद वह पाकिस्तान चले गए और फिर वहां की क्रिकेट टीम में शामिल हो गए।
इलाही ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में सिर्फ 6 टेस्ट मैच खेले थे जिसमें से 5 टेस्ट उन्होंने पाक टीम के साथ खेले। इलाही ने अपना आखिरी मैच भारत के खिलाफ ही खेला था। उन्होंने अपने करियर में कुल 82 रन बनाए और 7 विकेट हासिल किए थे।

गुल मोहम्मद (Gul Mohammed)
बाएं हाथ के बल्लेबाज और मध्यम गति के गेंदबाज रहे गुल मोहम्मद भी भारत और पाक दोनों टीमों से खेलते थे। इलाही की तरह मोहम्मद ने भी अपने क्रिकेटिंग करियर की शुरुआत जहां टीम इंडिया के साथ की वहीं अपने करियर का आखिरी मैच पाकिस्तान के लिए खेला।
क्रिकइन्फो के अनुसार गुल मोहम्मद ने 1946 में भारत की तरफ से इंग्लैंड के विरुद्ध टेस्ट मैच से डेब्यू किया था लेकिन बंटवारे के बाद वह पाकिस्तान चले गए और वहां से क्रिकेट खेलने लगे थे।
गुल मोहम्मद ने अपने करियर में कुल 9 टेस्ट खेले थे जिसमें 205 रन बनाए और 2 विकेट लिए। उन्होंने 1956 में अपना आखिरी मैच पाकिस्तान के लिए खेला था।

अब्दुल करदार (Abdul Kardar)
लाहौर में जन्में अब्दुल करदार ने भी अपने क्रिकेटिंग करियर की शुरुआत भारतीय टीम के साथ ही की थी। बाएं हाथ के बल्लेबाज और गेंदबाज अब्दुल ने 1946 में भारत की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था।
क्रिकइन्फो के अनुसार अब्दुल ने टीम इंडिया की तरफ से सिर्फ 3 टेस्ट मैच खेले जिसमें उनके नाम 80 रन दर्ज हैं। उसके बाद वह पाकिस्तान चले गए और वहां की क्रिकेट टीम में खेलने लगे। अब्दुल ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 1958 में खेला था। उन्होंने अपने करियर में कुल 927 रन बनाए वहीं 21 विकेट भी अपने नाम किए।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
