IND vs SA: सेंचुरियन में लगेगी रिकॉर्डों की झड़ी, जानें किन उपलब्धियों पर होगी खिलाड़ियों की नजर
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर खेली गई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिये साउथ अफ्रीका के दौरे पर पहुंची है, जो कि इकलौता ऐसा देश है जिसकी सरजमीं पर भारतीय टीम क्रिकेट इतिहास में कभी भी कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। चोट की वजह से इस दौरे से बाहर होने वाले रोहित शर्मा को छोड़ दिया जाये तो भारतीय टीम इस बार कई सालों से चले आ रहे इस लंबे इंतजार को खत्म करने को तैयार नजर आ रही है। भारतीय क्रिकेट टीम में मयंक अग्रवाल, केएल राहुल, कप्तान विराट कोहली और डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले श्रेयस अय्यर शामिल हैं, जिनकी नजर साउथ अफ्रीकी परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए रनों की बारिश करने पर होगी।
और पढ़ेंं: बच्चों की अश्लील तस्वीरें रखता था यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर, अब 4 साल के लिये हुई जेल
वहीं पर फैन्स की नजरें चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे पर होगी जो अपने करियर के खराब दौर से गुजर रहे हैं और दोनों में से किसी एक खिलाड़ी के ही प्लेइंग 11 में शामिल होने की कयास लगाई जा रही हैं। दूसरी ओर डीन एल्गर की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीका की टीम भारत के खिलाफ अपने घर पर शानदार प्रदर्शन करने की ओर देख रही हैं और उम्मीद कर रही है कि कप्तान के साथ ही टेंबा बावुमा, एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक के बल्ले से खूब सारे रन निकले तो कगिसो रबाडा, डुएन ओलिवर और लुंगी एंगिडी का पेस अटैक भारत को रोक पाने में कामयाब रहे। 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 26 दिसंबर से सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क स्टेडियम में खेला जायेगा, जहां पर न सिर्फ फैन्स को शानदार मैच देखने को मिलेगा बल्कि रिकॉर्ड की बारिश भी होगी। आइये एक नजर उन आंकड़ों पर डालें जो इस मैच के दौरान रिकॉर्ड में तब्दील हो सकते हैं-

जानें कैसे रहा है हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक खेले गये टेस्ट मैचों के इतिहास पर नजर डालें तो दोनों के बीच अब तक 39 बार भिड़ंत हो चुकी हैं। इस दौरान साउथ अफ्रीका की टीम ने 15 बार तो भारतीय टीम ने 14 बार जीत हासिल की है, वहीं 10 मैचों का नतीजा ड्रॉ रहा है। इस दौरान 20 मैचों की मेजबानी साउथ अफ्रीका ने की है तो 19 बार भारत ने मेजबानी की है। साउथ अफ्रीका की मेजबानी में खेले गये 20 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम को सिर्फ 3 बार ही जीत मिली है, जबकि 10 बार हार का सामना करना पड़ा है। वहीं पर 7 मैच ड्रॉ रहे हैं। सेंचुरियन के मैदान पर भारतीय टीम ने 2 बार मैच खेले हैं और हर बार उसे हार का ही सामना करना पड़ा है।

पंत-कोहली लगायेंगे खास शतक
इस बार जब भारतीय टीम सेंचुरियन के मैदान पर उतरेगी तो उसकी नजरें इतिहास बदलने पर होंगी। वहीं भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और पूर्व उपकप्तान अजिंक्य रहाणे के पास इस मैच में कैच लेने का खास शतक पूरा करने का मौका रहेगा। जहां पर विराट कोहली को कैचों का शतक पूरा करने के लिये 2 विकेट की दरकार है तो वहीं पर रहाणे 3 कैच दूर हैं। केएल राहुल भी टेस्ट क्रिकेट में कैचों का अर्धशतक पूरा करने से महज एक कैच दूर हैं। इसके साथ ही भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर विकेटों का शतक पूरा करने से महज 3 विकेट दूर हैं और पहले ही मैच में उनकी नजर इस आंकड़े को पार करने की कोशिश करेंगे। वहीं अगर पंत के बजाय साहा को प्लेइंग 11 में मौका मिलता है तो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 50 मैच पूरे कर लेंगे।

भारतीय गेंदबाजों के नाम होंगे यह बड़े रिकॉर्ड
भारतीय गेंदबाजों के लिये सेंचुरियन का यह मैच काफी शानदार रहने वाला है और वो बहुत सारे रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। जहां पर भारतीय टीम के सबसे सीनियर गेंदबाज ईशांत शर्मा के पास पूर्व पेसर जहीर खान को पीछे छोड़ने का मौका है तो वहीं पर रविचंद्रन अश्विन कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में इशांत शर्मा को जहीर खान (311 विकेट) का रिकॉर्ड तोड़कर पांचवे पायदान को हासिल करने के लिये बस एक विकेट की दरकार है तो वहीं पर रविचंद्रन अश्विन (427) को इस लिस्ट में दूसरा पायदान हासिल करने के लिये 8 विकेट की दरकार है। अगर वह 8 विकेट हासिल कर लेते हैं तो पूर्व कप्तान कपिल देव (434) को पीछे छोड़ देंगे। इनके अलावा मोहम्मद शमी की गेंदबाजी पर भी सभी की नजर होंगी जो टेस्ट क्रिकेट में विकेटों का दोहरा शतक लगाने से 5 विकेट दूर हैं।

अफ्रीकी खिलाड़ियों पर होगी खास नजर
साउथ अफ्रीका के युवा पेसर डुएन ओलिवर टेस्ट क्रिकेट में विकेटों का अर्धशतक पूरा करने से महज 2 विकेट दूर हैं तो वहीं पर छक्कों के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने पर अफ्रीकी बल्लेबाजों की नजर होगी। साउथ अफ्रीकी के लिये एडेन मार्करम को सभी प्रारूपों में 400 छक्के के आंकड़े को पूरा करने के लिये जहां 5 छक्कों की दरकार है, तो वहीं पर टेंबा बावुमा को सभी प्रारूपों में 350 छक्के पूरे करने के लिये 6 गगनचुंबी शॉटस की दरकार है। साउथ अफ्रीका के लिये इस मैच में केशव महाराज (129) भी सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप 10 में शुमार हो सकते हैं। इसके लिये उन्हें बस 6 विकेट की दरकार है और वो पॉल एडम्स को पछाड़कर 10वें गेंदबाज बन जायेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
