IND vs SA: साउथ अफ्रीकी पेसर्स के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने टेके घुटने, 202 रन सिमटी टीम
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच जोहान्सबर्ग के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीकी पेसर्स के सामने घुटने टेक दिये और सिर्फ 202 रनों पर सिमट गये। सेंचुरियन टेस्ट में 113 रनों की जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम जोहान्सबर्ग में इतिहास रचने उतरी है जहां पर उसे कभी भी हार नहीं मिली है और इस मैच में जीत हासिल करते ही वह पहली बार साउथ अफ्रीका को उसी की सरजमीं पर हराने वाली पहली टीम बन जायेगी। पीठ की चोट की वजह से भारतीय टेस्ट टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली इस मैच का हिस्सा नहीं बन सके और उनकी जगह केएल राहुल कप्तानी संभालते नजर आये।
भारतीय टीम ने केएल राहुल (50) और आर अश्विन (46) की अहम पारियों के दम पर 63.1 ओवर्स का सामना किया और पहली पारी में 202 रन जोड़ डाले। साउथ अफ्रीका के लिये इस सीरीज में अपने करियर का दूसरा ही मैच खेलने उतरे मार्को जेंसन ने जबरदस्त गेंदबाजी की और 17 ओवर्स में 31 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किये, वहीं पर डुएन ओलिवर (17 ओवर, 64 ) और कगिसो रबाडा (17.1 ओवर, 64 रन) ने 3-3 विकेट चटकाये।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिये मयंक अग्रवाल (26) और केएल राहुल (50) ने संभली हुई शुरुआत की और पहले घंटे में बिना कोई विकेट गंवाये 36 रन जोड़ दिये। पहले घंटे के बाद ड्रिंक्स ब्रेक लिया गया जिसकी समाप्ति के बाद पहली ही गेंद पर मार्को जेंसन ने मयंक अग्रवाल को फंसाकर वापस भेज दिया। मयंक अग्रवाल के आउट होने के 9 ओवर बाद डुएन ओलिवर ने एक ही ओवर में लगातार दो गेंद पर रहाणे-पुजारा का विकेट लेकर टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। पहले सेशन के बाद भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर सिर्फ 53 रन ही जोड़े।
वहीं जब दूसरे सेशन का खेल शुरू हुआ तो अच्छी लय में नजर आ रहे हनुमा विहारी (20) को कगिसो रबाडा ने वापस पवेलियन भेज दिया। इस बीच केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर का 13वां अर्धशतक पूरा किया और ऋषभ पंत (16) के साथ पारी को आगे बढ़ाना जारी रखा, हालांकि मार्को जेंसन ने बाउंसर पर केएल राहुल को फंसाया और तीसरे सेशन से पहले भारत के 5 विकेट चटका दिये। चायकाल तक भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 146 रन बना लिये थे।
और पढ़ें: IND vs SA: खराब फॉर्म या फिर गैर जिम्मेदारी, जानें क्या है रहाणे-पुजारा की फ्लॉप जोड़ी का कारण
गौरतलब है कि चायकाल के बाद भारतीय टीम के बल्लेबाज ज्यादा कमाल नहीं कर सके और भारतीय टीम 56 रन जोड़कर अपने 5 विकेट खो बैठी। मार्को जेंसन ने पहले ऋषभ पंत को अपनी गेंद पर फंसाया तो वहीं पर डुएन ओलिवर ने शार्दुल ठाकुर को डक पर वापस पवेलियन भेज दिया। रबाडा की गेंद पर मोहम्मद शमी (9) कॉट एंड बोल्ड हुए तो वहीं पर मार्को जेंसन ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे रविचंद्रन अश्विन को थर्डमैन की दिशा में कैच कराया। रबाडा ने सिराज को आउट कर भारतीय पारी को समाप्त किया लेकिन जसप्रीत बुमराह ने इस बीच 2 चौके और एक छक्के की मदद से टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications