
अगर किया ड्रॉप तो समझाना हो जायेगा मुश्किल
अपने यूट्यूब चैनल खेलनीति पर बात करते हुए सबा करीम ने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट साउथ अफ्रीका दौरे पर अश्विन को ड्रॉप करने का फैसला करता है तो उन्हें इस ऑफ स्पिनर से अलग तरीके से बात करनी होगी जो कि प्रभावी भी हो। उनका मानना है कि अश्विन को मनाना आसान नहीं होगा और उन्हें एक अलग राह अपनानी होगी।
उन्होंने कहा,'मुझे यकीन है कि पिछले टीम मैनेजमेंट ने भी भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को यह समझाने की कोशिश की होगी कि क्यों उन्हें विदेशी सरजमीं पर खेले जाने वाले टेस्ट मैचों में ज्यादा मौका नहीं मिलता है। लेकिन अश्विन को मना पाना काफी मुश्किल होने वाला है। उन्हें समझाने के लिये एक अलग तरह की एप्रोच की जरूरत होगी। मुझे पूरा यकीन है अगर यह टीम मैनेजमेंट उन्हें बाहर बिठाने का फैसला करता है तो वो एक अलग तरह की एप्रोच का इस्तेमाल करेगा।'

जडेजा या अश्विन किसे मिले मौका
करीम ने आगे बात करते हुए कहा कि प्रदर्शन और परिस्थितियां दोनों ही आपके लिये मायने रखती है, खास तौर से अगर आपको एक इन फॉर्म खिलाड़ी को लेकर फैसला करना हो तो। अश्विन आपके सबसे बड़े स्पिनर है, जिसे देखते हुए साउथ अफ्रीका में उन्हें ड्रॉप करना काफी मुश्किल रहने वाला है। सबा करीम ने आगे बात करते हुए भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित मुद्दे पर बात की और बताया कि रविंद्र जडेजा या रविचंद्रन अश्विन में से किसे टीम में खेलने का मौका दिया जाना चाहिये।
गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों को देखते हुए भारत 5 गेंदबाजों के लाइन अप के साथ उतर सकता है जिसमें 4 तेज गेंदबाज और एक स्पिनर के साथ उतर सकता है। साउथ अफ्रीका में तेज गेंदबाज काफी अहम रोल निभाते हैं, जिसकी वजह से यहां पर मेहमान टीम के लिये रन बनाना आसान नहीं होता है, ऐसे में जब भारतीय टीम खेलने पहुंचेगी तो अश्विन से पहले जडेजा को मौका दिया जा सकता है। हालांकि सबा करीम का मानना है कि अश्विन को भी मौका दिया जाना चाहिये।

क्यों मिलता है जडेजा को अश्विन से पहले मौका
उन्होंने कहा,'जब आप तेज गेंदबाजों की मददगार परिस्थितियों वाली विदेशी सीरीज खेलने जाते हैं तो भारत का टेम्पलेट 5 गेंदबाजों के साथ जाने का होता है जिसमें 4 तेज और एक स्पिन गेंदबाज शामिल होता है। भारत को 7वें नंबर पर एक अच्छे ऑलराउंडर की जरूरत होती है तो 6 मुख्य बल्लेबाजों के साथ रन बना सके। यही वजह है कि जडेजा को ऐसी परिस्थितियों में अश्विन से पहले तरजीह दी जाती है। हालांकि मुझे लगता है कि आपको ऐसे गेंदबाजों की भी जरूरत होती है जो आपको सही समय पर विकेट दिला सकें। इस वजह से मुझे लगता है कि अश्विन को भी मौका दिया जाना चाहिये।'


Click it and Unblock the Notifications
