वानखेड़े में कैसे राहुल द्रविड़ की सलाह ने बदल दी मयंक अग्रवाल की फॉर्म, ठोंक डाला शतक
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई टेस्ट सीरीज में जबरदस्त वापसी करते हुए टेस्ट करियर का चौथा शतक ठोंक डाला। हालांकि पिछले 2 सालों से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था लेकिन वानखेड़े टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने पहले 150 रनों की पारी खेली जबकि दूसरी पारी में 65 रन बनाकर भारतीय टीम को रनों के मामले में सबसे बड़ी जीत दिलाने में अपना योगदान दिया। मुंबई टेस्ट से पहले मयंक अग्रवाल बल्लेबाजी में संघर्ष करते नजर आ रहे थे और पिछली 10 पारियों में एक भी 50 से ज्यादा रनों की पारी नहीं खेल सके।
इसकी वजह से टेस्ट क्रिकेट में वो अपनी जगह खो चुके थे लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जब केएल राहुल को चोट लगी तो मयंक अग्रवाल को पारी का आगाज करने का मौका मिला। कानपुर टेस्ट में मिले मौके का फायदा मयंक अग्रवाल नहीं उठा सके थे जिसके बाद वानखेड़े टेस्ट में उनके खेले जाने को लेकर आशंका जताई जा रही थी लेकिन जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने शतक ठोंककर न सिर्फ टीम को मैच जिताया बल्कि साउथ अफ्रीका दौरे पर भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
और पढ़ें: 'टीम को तोड़ना आसान बनाना मुश्किल', कोहली को कप्तानी से हटाने पर भड़के पूर्व भारतीय कोच

राहुल द्रविड़ की सलाह ने बदली किस्मत
मयंक ने अपनी इस पारी का श्रेय भारतीय टीम के नये हेड कोच राहुल द्रविड़ को दिया है और बताया कि कैसे वानखेड़े टेस्ट से पहले उनके साथ हुई बातचीत ने आत्मविश्वास भर दिया और उसी की वजह से वो यह पारी खेलने में कामयाब हो सके। स्पोर्टसकीड़ा से बात करते हुए मयंक अग्रवाल ने राहुल द्रविड़ के साथ अपनी बातचीत को याद किया।
उन्होंने कहा,'द्रविड़ ने मुझसे कहा कि मुझे पता है कि तुम्हारे बल्ले से बहुत ज्यादा रन नहीं आये हैं लेकिन तुम्हे अपनी भावनाओं पर काबू रखने की जरूरत है। अपनी मानसिक ऊर्जा और विचारों को मैनेज करने पर ध्यान दो। इस पर बहुत ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। उन्होंने मुझे मानसिक रूप से मजबूती हासिल करने में मदद की।'

तकनीकी मामले पर ऐसे राहुल द्रविड़ ने की मदद
मयंक अग्रवाल ने आगे बात करते हुए कहा कि तकनीकी मामले पर राहुल द्रविड़ ने मुझे बेसिक्स पर टिके रहने की ही सलाह दी और कहा कि तुम पहले भी इससे ढेरों रन बना चुके हो तो उसी पर काम करो दोबारा रन बनना शुरू हो जायेंगे।
उन्होंने कहा,'द्रविड़ ने मुझे तकनीकी मामले में बेसिक्स पर टिके रहने की बात कही और कहा कि उन्हीं तकनीक से रन बनाने पर काम करूं जिसकी वजह से बीते हुए कल में काफी रन बनाये थे। जब उसी पर ध्यान देकर बल्लेबाजी करोगे तो रन खुद ब खुद आने शुरू हो जायेंगे और सौभाग्य से अगली ही पारी में मेरे लिये रन आ गये।'

ऐसी है साउथ अफ्रीका दौरे के लिये भारतीय टीम
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम अपनी जगह खो चुके मयंक अग्रवाल अपनी इस पारी की वजह से साउथ अफ्रीका दौरे के लिये 18 सदस्यीय टीम में जगह बनाने में कामयाब हो गये हैं। सीरीज का आगाज 26 दिसंबर से सेंचुरियन के मैदान पर खेला जायेगा।
दक्षिण अफ्रीका के लिए भारतीय टेस्ट टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), आर अश्विन, जयंत यादव, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद। सिराज.
स्टैंडबाय खिलाड़ी- नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, दीपक चाहर, अर्जन नागवासवाला
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
