IND vs SA: वनडे की कमान संभालने के बाद पहली बार बोले रोहित शर्मा, कोहली के मुद्दे पर तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिये जा रही भारतीय टीम को लेकर चयनकर्ताओं ने भले अभी तक टीम का ऐलान न किया हो, लेकिन कप्तानी को लेकर किये गये चयन समिति के फैसले ने काफी हड़कंप मचा दिया है। विराट कोहली के टी20 प्रारूप की कप्तानी छोड़ने का ऐलान करने के चलते भारतीय चयन समिति ने टी20 विश्वकप 2021 के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप की कमान रोहित शर्मा को सौंपी थी। हालांकि टेस्ट प्रारूप और वनडे प्रारूप के लिये कोहली ने कप्तानी जारी रखने की बात कही थी, ऐसे में चयनकर्ताओं का यह फैसला सभी को हैरान करने वाला रहा।
और पढ़ें: IND vs SA: क्या आखिरी बार भारतीय टीम के साथ नजर आयेंगे शिखर धवन, वनडे में भी जगह हुई मुश्किल
विराट कोहली ने टी20 की कमान छोड़ने के साथ कहा था कि वो 2023 वनडे विश्वकप तक टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे लेकिन चयनकर्ताओं को लगा कि अगर सीमित ओवर्स प्रारूप में दो अलग-अलग कप्तान होंगे तो टीम के भीतर टकराव और कन्फ्यूजन की स्थिति पैदा हो सकती है। इससे बचने के लिये चयनकर्ताओं ने साउथ अफ्रीका दौरे से रोहित शर्मा को वनडे प्रारूप की कमान भी सौंप दी है। चयनकर्ताओं के फैसले को लेकर अब तक काफी मिक्स्ड रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं और अब पहली बार इस मुद्दे पर भारतीय टीम के नये वनडे कप्तान रोहित शर्मा ने भी चुप्पी तोड़ी है।

लोग शोर मचाते हैं, हमें ध्यान देने की जरूरत नहीं
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें बीसीसीआई.टीवी को दिये गये इंटरव्यू में रोहित शर्म वनडे प्रारूप की कमान संभालने को लेकर बात करते हुए नजर आ रहे हैं। रोहित ने इस दौरान खुद को टीम की कमान देने और विराट कोहली के साथ हुए बर्ताव पर चल रहे शोर को लेकर भी अपनी राय रखी।
बीसीसीआई की ओर से पोस्ट किये गये इस वीडियो में रोहित ने कहा,'जब आप भारत के लिये क्रिकेट खेलते हैं तो आप पर हमेशा ही दबाव बढ़ जाता है। अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव हमेशा ही रहता है। बहुत सारे लोग इसको लेकर सकारात्मक और नकारात्मक बाते कर रहे हैं। एक क्रिकेटर और निजी तौर पर मेरे लिये यह बातें मायने नहीं रखती हैं क्योंकि लोगों को आप कंट्रोल नहीं कर सकते हैं। मेरे लिये सबसे जरूरी है अपने काम पर फोकस करना न कि बातों पर। मैं यह बात लाखों बार कह चुका हूं और आगे भी कहता रहूंगा।'

लोगों की नहीं टीम की सोच से पड़ता है फर्क
रोहित शर्मा ने आगे बात करते हुए कहा कि मेरा यह संदेश न सिर्फ लोगों के लिये है बल्कि टीम के लिये भी है कि आपके आस-पास हमेशा ऐसा शोर होगा, लेकिन आपका ध्यान अपने खेल पर होना चाहिये न कि शोर पर।
उन्होंने कहा,'मेरा यह संदेश टीम के लिये भी है और टीम भी यह अच्छे से समझती है कि जब आप बड़े स्तर के टूर्नामेंट खेलने पहुंचेंगे तो बहुत सारी बातें होंगी। आपके लिये जरूरी है कि जो आपके सामने है उस पर ध्यान केंद्रित किया जाये, जो कि खेले जा रहे मैच हैं। आपको उन पर ध्यान देना होगा और जिस अंदाज से खेलना जानते हैं उसे जारी रखते हुए देश के लिये मैच जीतना होगा। उसके अलावा जो भी चीजें बाहर हो रही हैं वह मायने नहीं रखती हैं। दूसरे क्या कहते हैं उससे फर्क नहीं पड़ता है, फर्क इस बात से पड़ता है कि हम एक दूसरे के बारे में क्या सोचते हैं आप हमेशा खिलाड़ियों के बीच एक मजबूत रिश्ता चाहते हैं जिससे आपको अपना गोल हासिल करने में मदद मिल सके।'

नये अध्याय की शुरुआत में अहम होगा रोहित का रोल
गौरतलब है कि वनडे प्रारूप से विराट कोहली से टीम की कमान छीनने के बाद लगातार यह माना जा रहा है कि इससे टीम में फूट पड़ सकती है और खिलाड़ी दो खेमों में बंट सकते हैं। वहीं बहुत सारे दिग्गजों का मानना है कि बीसीसीआई को कोहली को हटाने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिये थी, बल्कि कोहली के रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें 2023 विश्वकप तक मौका दिया जाना चाहिये था। आपको बता दें कि जहां पर कई सारे लोग चयनकर्ताओं के इस फैसले को नकारात्मक रूप से देख रहे हैं तो वहीं पर बहुत सारे लोगों का मानना है कि राहुल द्रविड़ के हेड कोच बनने के बाद टीम को एक नई शुरुआत की दरकार है, जिसमें रोहित शर्मा बहुत ही अहम भूमिका निभा सकते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications