कोलकाता। भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच गुरुवार को कोलकाता के इडेन गार्डेंस स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच गुरुवार सुबह साढ़े 9 बजे से खेला जाएगा। टीम इंडिया श्रीलंका पर जीत का क्रम कायम रखने उतरेगी, जबकि श्रीलंकाई टीम पहले की हार को भुलाकर इस सीरीज को जीतने का हर संभव प्रयास करेगी।
अगस्त में भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरा किया था। वेस्टइंडीज को उसके घर में धूल चटाकर टीम इंडिया श्रीलंका पहुंची थी। तब लगा था कि चैंपियंस ट्रॉफी और वेस्टइंडीज दौरे के बाद खिलाड़ी काफी थके हुए हैं और श्रीलंका उन्हें कड़ी टक्कर दे सकती है लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। बल्कि भारत ने पहले तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में मेजबान टीम का सफाया किया फिर पांच मैचों की वनडे सीरीज और फिर एकमात्र टी20 में हराया था।
बुरे दौर से गुजर रही है श्रीलंकाई टीम
उसके बाद से विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवर की सीरीज जीती हैं। वहीं श्रीलंका की बात करें तो जब से क्रिकेट के दो दिग्गज कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने ने संन्यास लिया है तब से श्रीलंका क्रिकेट के बुरे दिन चल रहे हैं। उन्होंने अभी हाल में केवल पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया था लेकिन उसके बाद उन्हें वनडे और टी20 में मुंह की खानी पड़ी थी।
कप्तान कोहली सहित उप कप्तान रहाणे पर होगा रन बनाने का दबाव
भारतीय कप्तान विराट कोहली पिछले काफी समय से टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। कोहली ने आखिरी बार इसी साल फरबरी में बांग्लादेश के खिलाफ 204 रनों की पारी खेली थी। विराट कोहली पिछली 5 टेस्ट पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए हैं। वहीं उपकप्तान रहाणे भी पिछले इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक (188) लगाने के बाद से अभी तक एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं। हालांकि अब ये दोनों बल्लेबाज एक बार फिर से टेस्ट क्रिकेट के रुतबे में लौटने के लिए बेताब हैं। दोनों ने टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ मैच से पहले नेट पर कई रिवर्स और पैडल स्वीप का अभ्यास किया।
साउ अफ्रीका दौरे की तैयारी है श्रीलंका का भारत दौरा!
बता दें कि श्रीलंका के साथ टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज के बाद टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के दो महीने के दौरे पर जाएगी। जनवरी में इस दौरे से पहले अपनी तैयारी के लिए टीम इंडिया इस सीरीज को पूरी संजीदगी से ले रही है। पांच जनवरी से शुरू हो रहे दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत को तीन टेस्ट, छह वनडे और तीन टी-20 मैच खेलने हैं। बता दें कि जुलाई अगस्त में टेस्ट सीरीज के बाद से भारत ने 13 वनडे और छह टी-20 मैच खेले हैं, लेकिन पांच दिनी प्रारूप में खुद को ढालना समस्या नहीं होगी क्योंकि अधिकांश खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीमों के लिए रणजी ट्रॉफी मैच खेले हैं।
रहाणे होंगे अहम
रहाणे ने भी प्रैक्टिस मैच के दौरान चाइनामैन कुलदीप यादव के खिलाफ कई शानदार रिवर्स स्वीप लगाने की प्रैक्टिस की, बता दें कि रहाणे अपने रिवर्स स्वीप हथियार को श्रीलंका के धाकड़ बाएं हाथ के स्पिनर रंगाना हैराथ के खिलाफ इस्तेमाल कर सकते हैं। हैराथ के खिलाफ टीम इंडिया काफी अग्रेसिव सोच के साथ खेलेगी। क्योंकि श्रीलंकाई क्रिकेट टीम में हैराथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं।
रंगना हैराथ के खिलाफ अग्रेसिव रवैया अपनाएगी टीम इंडिया
पिछले दो सालों में 39 साल के 405 विकेट लेने वाले हैराथ ने भारत के खिलाफ 53.61 के औसत से चार मैचों में 13 विकेट झटके हैं। जबकि केवल 3.58 पर प्रति ओवर खर्च किए हैं। बता दें कि हैराथ के अलावा कप्तान दिनेश चांडीमल को एजिलो मैथ्यूज से भी काफी उम्मीदें होंगी। वहीं श्रीलंकाई बल्लेबाजी की बात करें तो उनके ओपनर बल्लेबाज दिमुथ करुनारत्ने काफी अहम होंगे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों का चार पारियों में 306 रन बनाए थे। इसके अलावा सदीरा समरविकर्मा भी काफी अहम होंगे। सदीरा ने कौशल सिल्वा को रिप्लेस किया है।
इन गेंदबाजों को मिल सकता है मौका
भारतीय टीम की बात करें तो हार्दिक पांड्या को उनके आग्रह पर श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से आराम दिया गया है। अब देखन दिलचस्प होगा कि उनकीजगह कौन लेता है। पिच की बात करें तो स्पोर्टिंग पिच है। भारतीय टीम तीन सीमर्स और दो स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतर सकती है। भुवनेश्वर कुमार जो पिछले कुछ समय से अच्छी फॉर्म में नहीं हैं उमेश यादव और मोहम्मद शमी के साथ मैदान पर उतर सकते हैं। इसके अलावा आर अश्विन और कुलदीप यादव स्पिनर्स के तौर पर कोहली की पहली पसंद हो सकते हैं फिर रविंद्र जडेजा को एक बार बाहर बैठना पड़ सकता है।
टीमें:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, मुरली विजय, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, वृध्दिमान साहा (विकेटकीपर), आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, उमेश यादव , भुवनेश्वर कुमार, ईशांत शर्मा
श्रीलंका: दिनेश चांडीमल (कप्तान), दीमुथ करनारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, लाहिरू थिरिमाने, निरोशन डिकवेला (विकेट कीपर), दिलरूवान परेरा, रंगना हेराथ, सुरंगा लकमल, लाहिरू गमगे, धनंजया डिसिल्वा, एंजेलो मैथ्यूज, लक्ष्मण सदाकना, विश्व फर्नांडो , दसन शानाका, रोशन सिल्वा।
लाइव ऑन: स्टार स्पोर्ट्स 1 और 3
समय- 9.30 AM
इसे भी पढ़ेंः- India vs Sri lanka कोलकाता टेस्टः पहले मैच में मंडराए संकट के बादल