नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवर्स की सीरीज खेलने पहुंचे श्रीलंकाई खिलाड़ी कुशल मेंडिस, दनुष्का गुणथालिका और निरोशन डिकवेला की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवर्स की सीरीज के दौरान बायोबबल प्रोटोकॉल तोड़ने के दोषी पाये गये तीनों खिलाडियों को बीच दौरे से वापस बुलाने के बाद अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इन खिलाड़ियों पर बैन लगाने के बारे में सोच रहा है। दरअसल इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप होने के बाद फैन्स बुरी तरह से टीम पर भड़के हुए नजर आये और सोशल मीडिया पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों के खिलाफ अनफॉलो करो कैंपेन चला दिया।
इस बीच श्रीलंकाई टीम के इन तीनों खिलाड़ियों का डरहम की सड़कों पर मस्ती करने का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसे एक फैन ने अपने ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया था। वायरल वीडियो की सूचना मिलते ही श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने जांच के आदेश दे दिये जिसमें तीनों खिलाड़ी दोषी पाये गये।
और पढ़ें: IND vs SL: श्रीलंका दौरे पर भुवनेश्वर कुमार को याद आये माही, BCCI ने शेयर किया वीडियो
जांच रिपोर्ट मिलते ही श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने तीनों खिलाड़ियों को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर तुरंत दौरे से वापस लौटने का आदेश दिया और साथ ही भारत के खिलाफ होने वाली सीमित ओवर्स की सीरीज से भी बाहर का रास्ता दिखाया। हालांकि बोर्ड का गुस्सा यहीं पर रुकने का नाम नहीं ले रहा है और अब इन खिलाड़ियों पर एक साल तक क्रिकेट का हिस्सा बनने पर बैन लग सकता है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने मंगलवार को तीनों खिलाड़ियों के वापस लौटने की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल उन्हें 14 दिन के क्वारंटीन में रखा गया है और आइसोलेशन पीरियड के खत्म होने के बाद बायोबबल तोड़ने की पूरी प्रक्रिया को लेकर पूछताछ की जायेगी। इस बीच भारत के खिलाफ 13 जुलाई से होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज और 3 मैचों की टी20 सीरीज में इनके नामों पर विचार नहीं किया जायेगा।
न्यूज एजेंसी एएफपी से बात करते हुए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा,'अगर यह खिलाड़ी बायोबबल प्रोटोकॉल तोड़ने के संबंध में दोषी पाये जाते हैं तो इन पर कम से कम एक साल का बैन लग सकता है।'
गौरतलब है कि 3 मैचों की टी20 सीरीज में हार के बाद श्रीलंका की टीम को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में भी हार का ही सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड की टीम ने पहले वनडे मैच में 5 विकेट से जीत हासिल की। आपको बता दें कि श्रीलंका की टीम को अक्टूबर 2020 के बाद से लगातार 5वीं टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। अब वनडे सीरीज का दूसरा मैच गुरुवार को जबकि आखिरी मैच रविवार को खेला जायेगा।