AFG vs WI: गुरबाज की पारी से अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज को 2-1 से हराया
नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के साथ वनडे सीरीज में हार झेलने के बाद अफगानिस्तान की टीम ने टी20 में अपना बदला ले लिया है। रविवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए तीसरे और आखिरी टी20 मैच में अफगानिस्तान की टीम ने वेस्टइंडीज को 29 रन से हराकर पहली बार वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीती। अफगानिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाज रहमान उल्ला गुरबाज ने ताबड़तोड़ पारी खेली और महज 52 गेंद में 79 रन बनाये, जिसकी मदद से अफगानिस्तान की टीम ने वेस्टइंडीज के सामने 156 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 127 रन ही बना सकी।
और पढ़ें: IPL 2020: धोनी को ट्रोल करने की कोशिश में फैन को मिला CSK से करारा जवाब, जानें अब कैसी है टीम
अफगानिस्तान की टीम ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में 29 रन से जीत हासिल की जिसके बाद गुरबाज को उनकी आतिशी पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' दिया गया।

खराब शुरुआत के बावजूद गुरबाज ने संभाली पारी
इससे पहले अफगानिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अफगानिस्तान के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज रहमान उल्ला गुरबाज ने शानदार शुरुआत दी, हालांकि महज 12 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान ने अपने 2 विकेट हजरतुल्लाह जजई (00) और वन डाउन करीम जनात (02) खो दिये थे, बावजूद इसके गुरबाज दबाव में नहीं आये और इब्राहिम जादरान के साथ स्कोर को 44 रन तक पहुंचाया लेकिन तभी जादरान (01) रन आउट हो गए।
गुरबाज ने असगर अफगान के साथ पारी को आगे बढ़ाया और 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। अफगान (24) रन बनाकर ब्रैंडन किंग के हाथों कैच आउट हुए। दूसरे छोर पर गुरबाज ने आक्रामक तेवर बरकरार रखे।
वह 16वें ओवर में तेज गेंदबाज केसरिक विलियम्स की एक फुलटॉस गेंद पर चोटिल हो गए। मगर उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और दो चौके और इतने ही छक्के और जड़े। गुरबाज 17वें ओवर में पोलार्ड की एक वाइड गेंद को उठाकर मारने की कोशिश में डीप पॉइंट पर लपके गए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान छह चौके और पांच छक्के जड़े।

शुरू से ही लड़खड़ाई वेस्टइंडीज की टीम, मुजीब-करीम-राशिद ने किया कमाल
वेस्ट इंडीज की तरफ से विलियम्स, शेल्डन कॉटरेल और कीमो पॉल ने दो-दो विकेट लिए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट इंडीज की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सीरीज में अपना पहला मैच खेल रहे लेंडल सिमंस तीसरे ओवर में ही स्पिनर मुजीब उर हमान की गुगली पर बोल्ड हो गए। वह 11 गेंदों पर सिर्फ सात रन बना सके। स्कोर में अभी तीन ही रन जुड़े थे कि ब्रैंडन किंग भी मात्र एक रन बनाकर मध्यम तेज गेंदबाज नवीन उल हक की एक नीची रहती गेंद पर बोल्ड हो गए।
आठवें ओवर में पिछले मैच के हीरो करीम जनात ने लेविस (16) को LBW आउट कर अपनी टीम को बड़ी कामयाबी दिलाई। तेजी से रन बनाने के दबाव में 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर शिमरॉन हेटमेयर (11) अफगान कप्तान राशिद खान का शिकार बन गए। अब विंडीज की उम्मीदें होप और कप्तान कायरन पोलार्ड पर लगी थीं। होप ने नौवें ओवर में मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 43 गेंद पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से अपना अर्द्धशतक पूरा किया।

आखिरी 3 ओवर्स में 46 रन की दरकार
वेस्ट इंडीज को आखिरी तीन ओवर में जीत के लिये 46 रन बनाने थे। इसी बीच, पोलार्ड 18वें ओवर में नवीन उल हक की गेंद पर ऊंचा शॉट खोलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर नजीबउल्ला जादरान को कैच दे बैठे। उन्होंने 11 गेंदों में 11 रन बनाए।
19वें ओवर की पहली गेंद पर नईब ने जमकर खेल रहे होप (52) को एक्स्ट्रा कवर पर असगर अफगान के हाथों कैच आउट कराकर विंडीज की उम्मीदें तोड़ दीं। मैच के आखिरी ओवर में हक ने जेसन होल्डर (06) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया। अफगानिस्तान की तरफ से हक ने तीन विकेट लिए। जबकि एक-एक विकेट मुजीब उर्रहमान, जनात, नईब और राशिद के खाते में गया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
