IndWvSAW: भारत ने जीता मैच, मंधाना, दीप्ति और शेफाली ने बनाए 3 जबरदस्त रिकॉर्ड
नई दिल्ली: भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम इस समय अपने घरेलू सत्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में व्यस्त हैं। पुरुष टीम ने जहां हाल ही में तीन मैचों की टी-20 सीरीज 1-1 से समाप्त की है तो वहीं भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज 24 सितंबर से सूरत में शुरू हुई। इस सीरीज का पहला मैच जीतकर टीम इंडिया ने विजयी आगाज किया है। भारत ने इस मैच में मेहमानों को जीत के लिए 131 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में अफ्रीकी टीम 119 रनों पर ही धराशाई हो गई और भारत ने यह मैच 11 रनों से जीत लिया।

स्मृति मंधाना का जबरदस्त रिकॉर्ड-
इस जीत के साथ ही भारत ने अपनी लगातार 7 टी-20 इंटरनेशल हारों का सिलसिला भी तोड़ दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा के रूप में पहला विकेट शून्य के स्कोर पर ही गंवा दिया था। इसके बाद मंधाना ने 21 रनों की पारी खेली और मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 34 गेंदों पर 43 रन बनाए। इसके अलावा बाकी कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सकी। मंधाना ने इस मैच में उतरते ही शानदार रिकॉर्ड भी बनाया है, वे भारत के लिए लगातार 50वां टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने उतरी। स्मृति अब पहली ऐसी भारतीय क्रिकेटर बन गई हैं जिन्होंने ये उपलब्धि हासिल कर ली है। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय पुरुष टीम के दिग्गजों मसलन विराट कोहली, रोहित शर्मा व महेंद्र सिंह धौनी भी अपने क्रिकेट करियर में लगातार 50 टी 20 इंटरनेशलन मैच नहीं खेले हैं।

दीप्ति शर्मा के रिकॉर्ड मेडन ओवर-
टीम इंडिया की गेंदबाजी इस मैच में शानदार रही और उन्होंने 20 ओवर से पहले ही दक्षिण अफ्रीका को ऑल-आउट कर दिया। इसका सबसे ज्यादा श्रेय दीप्ति शर्मा को जाता है जिन्होंने 4 ओवर में केवल 8 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इसके साथ ही दीप्ति ने जबरदस्त रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने अपने 4 में से तीन ओवर मेडन किए थे। वे एक टी-20 इंटरनेशनल मैच में तीन मेडन ओवर फेंकने वाली पहली भारतीय गेंदबाज बनी हैं। उनके अलावा शिक्षा पांडे, पूनम यादव और राधा यादव को 2-2 विकेट मिला।
कौन हैं 'टॉमबॉय' शेफाली वर्मा, जिन्होंने 15 साल की उम्र में टी-20 डेब्यू करके रचा इतिहास

15 साल की शेफाली वर्मा-
इसके अलावा इस मैच में शेफाली वर्मा ने महज 15 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट में डेब्यू करके भी रिकॉर्ड बनाया है। वे इस मैच में उतरते ही सबसे कम उम्र में भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल में पदार्पण करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। शेफाली ने इसके साथ ही सचिन तेंदुलकर का भी रिकॉर्ड बड़े मार्जिन से तोड़ दिया है जिन्होंने 16 साल 6 महीने और 23 दिन की उम्र में अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था। भारतीय महिला टीम को अब पांच मैचों की सीरीज का दूसरा मैच 26 सितंबर से गुरुवार को खेलना है। खास बात यह है कि सीरीज के सभी मैच सूरत के लालाभाई स्टेडियम में ही खेले जाएंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
