नई दिल्ली। एशिया कप को लेकर सभी टीमों ने कमर कस ली है, 15 सितंबर से शुरू हो रहे इस महामुकाबले के लिए सभी टीमों की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। गौरतलब हो कि इस महासमर का आगाज बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच होने वाले मुकाबले से होगा। हालांकि इस मुकाबले से पहले ही श्रीलंका के लिए एक बुरी खबर सामने आई है और उसे करारा झटका लगा है। दरअसल सलामी बल्लेबाज दनुष्का गुणाथिलाका पीठ की चोट के कारण एशिया कप से बाहर हो गये हैं, जो कि उनकी टीम के लिए झटका है।
ये भी पढ़ें-Asia Cup 2018: पाकिस्तान के इस ऑलराउंडर ने विराट को लेकर कही ये गंभीर बात, जानकर रह जाएंगे हैरान
श्रीलंका क्रिकेट ने कहा कि बाएं हाथ का ये 27 वर्षीय बल्लेबाज अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए हैं और वो दुबई से वापस स्वदेश लौटेंगे। टूर्नामेंट शनिवार से दुबई में शुरू होगा। दनुष्का की जगह बाए हाथ के बल्लेबाज शेहान जयसूर्या को श्रीलंकाई टीम में लिया गया है। सोमवार को श्रीलंका के टेस्ट कप्तान दिनेश चंदीमल भी उंगली चोटिल होने के कारण इस टूर्नामेंट से हट गए थे। बता दें कि रोहित की कमान वाली भारतीय टीम का इस सीरीज में पहला मुकाबला हांगकांग के साथ है वहीं दूसरा मुकाबला 19 सितंबर को पाकिस्तान के साथ खेला जाना है। ऐसे में भारतीय टीम भी दुबई पहुंच चुकी है।