दुबई| वाकई में क्रिकेट दौलत और शौहरत का दूसरा नाम है इसलिेए जहां भारत में इसे धर्म की दृष्टि से देखा जाता है वहीं दूसरी ओर इस खेल में जिसका सितारा बुलंदी पर होता है, उसके आंगन में तो पैसों की ही बारिश होती है। सभी क्रिकेट प्रेमियों को जानकर खुशी होगी कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अगले वर्ष होने वाले वर्ल्ड कप की इनामी राशि में 20 फीसदी के लगभग इजाफा किया है और विश्व कप में कुल एक करोड़ डॉलर की इनामी राशि वितरित की जाएगी।
आईसीसी ने अगले वर्ष मध्य फरवरी में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में हो रहे वर्ल्ड कप के सभी 49 मैचों में डिसीजन रिव्यू सिस्टम लागू करने का निर्णय भी लिया।आईसीसी की घोषणा के अनुसार बिना एक भी मैच गंवाए विश्व कप-2015 जीतने वाली टीम को 4,020,000 डॉलर की इनामी राशि, जबकि कुछ मैच हारने के बावजूद विश्व कप जीतने वाली टीम को 3,975,000 डॉलर की इनामी राशि मिलेगी।
पिछली विश्व कप विजेता टीम को 3,250,00 डॉलर और उपविजेता टीम को 1,500,000 डॉलर मिले थे। सेमीफाइनल में हारने वाली दो टीमों को पिछली बार मिले पांच लाख डॉलर की अपेक्षा इस बार छह लाख डॉलर प्रदान किए जाएंगे। क्वार्टर फाइनल या सेमीफाइनल मैच के टाई रहने पर ग्रुप चरण में अधिक अंक अर्जित करने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा।
पैसों की बौछार: वर्ल्ड कप जीतने वाले को मिलेंगे 40 लाख डॉलर
यदि फाइनल मैच टाई रहता है या कोई परिणाम नहीं निकल पाता तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा।आईसीसी बोर्ड ने चैम्पियंस ट्रॉफी-2017 और विश्व कप-2019 में क्वालीफाई करने के लिए अंतिम तारीखों की घोषणा भी कर दी गई।
विश्व कप-2019 के लिए क्वालीफिकेशन की अंतिम तारीख 30 सितंबर, 2017 तय की गई है। तय तारीख को शीर्ष आठ टीमें विश्व कप के लिए क्वालीफआई कर जाएंगी, जबकि नौवीं और दसवीं टीम का निर्धारण 2018 में बांग्लादेश में होने वाले क्वालीफाइंग टूर्नामेंट से होगा।
मालूम हो कि साल 2011 का विश्वकप भारत ने जीता था जो कि बांग्लादेश, श्रीलंका और भारत की संयुक्त मेजबानी में हुआ था। इस बार भी लोगों को भारत से बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं देखते हैं कि वो उम्मीदें पूरी होती हैं या नहीं।