For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

इन 5 खिलाड़ियों के नाम रहा है हैट्रिक ईयर 2019, 2 भारतीय भी शामिल, देखें कैसे झटके थे विकेट

नई दिल्ली। करीब 10 साल बाद शनिवार को लाहौर के मैदान पर जब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट ने दस्तक दी तो शायद ही किसी ने यह सोचा होगा कि यह मैच इतना ऐतिहासिक होने वाला है। वैसे तो 10 साल बाद पाकिस्तान में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का लौटना अपने आप में ऐतिहासिक बात है लेकिन इसे और खास बना दिया पाकिस्तान के युवा गेंदबाज मोहम्मद हसनैन ने। दुबला-पतला सा दिखने वाला यह बच्चा अपने टी-20 करियर का दूसरा ही मैच खेलने गद्दाफी स्टेडियम के मैदान पर उतरा था, पर शायद ही किसी को यह बात पता थी कि इस मैच के बाद इस बच्चे का नाम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सुनहरे पन्नों में लिखा जाने वाला है। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए इस मैच में हसनैन ने अपने टी-20 करियर की पहली हैट्रिक ली वो भी करियर के दूसरे ही मैच में, इसके साथ ही वह दुनिया के सबसे युवा क्रिकेटर बन गए जिसने हैट्रिक लेने का कारनामा किया। यूं तो 3 गेंदों में 3 विकेट चटकाना अपने आप में बेहद खास है लेकिन हैट्रिक के लिहाज से देखा जाये तो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में साल 2019 हैट्रिक पर कुछ ज्यादा ही मेहरबान नजर आ रहा है।

और पढ़ें: PAK vs SL: बेकार गई हसनैन की हैट्रिक, श्रीलंका ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा

2019 के अक्टूबर महीने तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 5 बार हैट्रिक लेने का कारनामा किया जा चुका है और उम्मीद है कि आखिर के 2 महीनों में कुछ और भी देखने को मिल जाये। क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक साल के अंदर इतनी हैट्रिक ली गई हों। आइये एक नजर डालते हैं उन 5 गेंदबाजों पर जिन्होंने साल 2019 में हैट्रिक लेने का कारनामा किया है।

मोहम्मद शमी बनाम अफगानिस्तान, 22 जून 2019

मोहम्मद शमी बनाम अफगानिस्तान, 22 जून 2019

आईसीसी विश्व कप में खिताबी अभियान के सपने को लेकर जब टीम उतरी तो शायद ही किसी ने यह अंदाजा लगाया था कि भारत के लिए मोहम्मद शमी इतिहास रचने जा रहे हैं। विश्व कप के 28वें मैच में भारत का सामना अफगानिस्तान के साथ हुआ। मैच उम्मीद से ज्यादा रोमांचक रहा और अंत में भारत को 11 रनों से जीत मिली। पर इस जीत के पीछे मोहम्मद शमी ने बेहद अहम भूमिका निभाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर महज 224 रन ही बना सकी।

अफगानिस्तान को मैच जीतने के लिए आखिरी ओवर में 16 रनों की जरूरत थी। विराट कोहली ने 50वें ओवर की जिम्मेदारी भुवनेश्वर कुमार के चोटिल होने के बाद टीम में शामिल हुए मोहम्मद शमी को दी। मोहम्मद शमी के सामने मोहम्मद नबी थे जो 48 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। नबी ने शमी की पहली ही गेंद पर चौका जड़कर इंग्लैंड की सर्दी में गर्मी घोल दी। शमी की दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं मिला और तीसरी गेंद पर उन्होंने मोहम्मद नबी को आउट कर दिया। नबी का विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान के हाथ से जीत अब पूरी तरह से निकल चुकी थी। नबी का विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने के लिए आए आफताब आलम को भी शमी ने क्लीन बोल्ड कर वापस पवेलियन भेज दिया।

आफताब का विकेट गिरने के बाद 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मुजीब उर रहमान को भी क्लीन बोल्ड करके न सिर्फ टीम इंडिया को रोमांचक जीत दिलाई बल्कि विश्व कप 2019 की पहली हैट्रिक भी अपने नाम की।

ट्रेंट बोल्ट बनाम ऑस्ट्रेलिया, 29 जून 2019

ट्रेंट बोल्ट बनाम ऑस्ट्रेलिया, 29 जून 2019

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 के 37वें मैच में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक ली। ट्रेंट बोल्ट विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज बनें जबकि यह इस विश्व कप की दूसरी हैट्रिक थी। लॉर्ड्स मैदान पर खेले जा रहे मैच में ट्रेंट बोल्ट ने मैच की पहली पारी में 50वां और अपना आखिरी ओवर करते हुए पहले उस्मान ख्वाजा, मिचेल स्टार्क और फिर जेसन बेहरेनडॉर्फ को आउट किया। बोल्ट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गजब की गेंदबाजी करते हुए अपने 10 ओवर के स्पेल में 1 मेडन ओवर के साथ 51 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।

जसप्रीत बुमराह बनाम वेस्टइंडीज, 1 सितंबर 2019

जसप्रीत बुमराह बनाम वेस्टइंडीज, 1 सितंबर 2019

वेस्टइंडीज (West indies) के जमैका में खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में भारत ने अच्छी बल्लेबाजी की और वेस्टइंडीज को आखिरी पारी में 416 रनों का लक्ष्य दिया। इस विशाल लक्ष्य का पीछा करने जब वेस्टइंडीज (West indies) की टीम उतरी तो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के सामने लड़खड़ा गई। इस मैच में जसप्रीत बुमराह ने वेस्टइंडीज के 6 विकेट झटके। पारी के नौंवे ओवर में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने अपनी पहली टेस्ट हैट्रिक ली। जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर डैरेन ब्रावो (4), तीसरी गेंद पर शाहमार ब्रूक्स (0) और चौथी गेंद पर रोस्टन चेज (0) को आउट कर हैट्रिक पूरी की और इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। इसके साथ ही जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) भारत के लिए टेस्ट हैट्रिक लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए।

लसिथ मलिंगा बनाम न्यूजीलैंड, 6 सितंबर 2019

लसिथ मलिंगा बनाम न्यूजीलैंड, 6 सितंबर 2019

श्रीलंका दौरे पर आई न्यूजीलैंड की टीम 2-0 से सीरीज में अजेय बढ़त बनाये हुए थी और आखिरी मैच में एक बार फिर पल्लाकेल के स्टेडियम पर उतरी। पहले 2 मैचों की जीत से आश्वस्त कीवी टीम इस मैच में भी जीत के साथ सीरीज का समापन करना चाहती थी पर श्रीलंकाई कप्तान लसिथ मलिंगा तो शायद कुछ और ही सोच कर आये थे। लसिथ मलिंगा ने इस मैच में 5 विकेट झटके, जिसमें से 4 विकेट उन्होंने लगातार 4 गेंदों पर लिये।

लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मैच में तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर कोलिन मुनरो (12) को आउट किया। चौथी गेंद पर हेमिश रदरफोर्ड (0) को पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने कॉलिन डि ग्रैंडहोम को अपना शिकार बनाया और हैट्रिक पूरी की। ओवर की आखिरी गेंद पर मलिंगा ने रॉस टेलर को आउट कर लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर किवी टीम का स्कोर 15 रनों पर चार विकेट कर दिया।

पांचवें ओवर में लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) ने टिम सेइफर्ट (8) को भी पवेलियन भेज दिया। लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) टी-20 में दो हैट्रिक लगाने वाले पहले गेंदबाज हैं। श्रीलंका ने इस मैच को 37 रनों से जीत लिया।

मोहम्मद हसनैन बनाम श्रीलंका, 5 अक्टूबर 2019

मोहम्मद हसनैन बनाम श्रीलंका, 5 अक्टूबर 2019

श्रीलंका के खिलाफ मोहम्मद हसनैन की यह हैट्रिक एक ओवर में नहीं बल्कि 2 ओवर की गेंदबाजी के दौरान हासिल हुई। हसनैन ने पहले 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर भनुका राजपक्षे (32) का विकेट लिया था और उसके बाद 19वें ओवर की पहली दो गेंदों पर दासुन शनाका (17) और शेशन जयसूर्या (2) को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले हसनैन को अपने पहले दो ओवरों में संघर्ष करना पड़ा लेकिन तीसरे ओवर में उन्होंने शानदार वापसी की और भनुका राजपक्षे को एक तेज यॉर्कर पर बोल्ड कर दिया। हसनैन अपने टी20 इंटरनैशनल करियर का दूसरा ही मैच खेलने उतरे थे। उन्होंने अपने चार ओवर में 37 रन दिए लेकिन उनके नाम तीन विकेट आए।

Story first published: Sunday, October 6, 2019, 14:10 [IST]
Other articles published on Oct 6, 2019
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+