बैंगलुरू। आरसीबी के कप्तान विराट कोहली का बल्ला इन दिनों रनों की बरसात कर रहा है जिसके कारण आज हर किसी की जुबान पर सिर्फ कोहली ही है। 27 साल के इस बांके छोरे ने बुधवार को एक और नायाब कीर्तिमान अपने नाम किया।
विराट ने पंजाब के खिलाफ मुकाबले में चौथा शतक जड़ा और इस तरह वो आईपीएल में 4000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गये। कोहली ने इस मैच में 50 गेंदों में 12 चौके और आठ छक्कों की मदद से 113 रनों की पारी खेली। यह कोहली का आईपीएल का बेस्ट स्कोर है। आईपीएल 2016 में कोहली ने अभी तक 13 मैच खेले हैं और 865 रन बनाए हैं।
मालूम हो कि विराट कोहली ने आईपीएल में अभी तक 132 मैच खेलते हुए 4,002 रन बनाए हैं। जिसमें चार शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। इससे पहले सबसे अधिक रन बनाने का रिकार्ड गुजरात लायंस के कप्तान सुरेश रैना के नाम था। रैना ने आईपीएल में अभी तक 143 मैचों में 3,985 रन बनाए हैं, जिसमें सिर्फ एक शतक और 26 अर्धशतक शमिल हैं।