नई दिल्ली। दौलत और शौहरत का दंगल आईपीएल 10 का खूबसूरत आगाज 5 अप्रैल को हैदराबाद से हो चुका है लेकिन रोमांच के इस मेले से पहले क्रिकेटर ऋषभ पंत पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आईपीएल 10 में दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेल रहे युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत के पिता का बुधवार रात निधन हो गया है जिसके कारण ऋषभ अब आईपीएल छोड़कर अपने घर चले गए हैं। आपको बता दें कि क्रिकेटर ऋषभ पंत के पिता राजेंद्र पंत का अशोक नगर ढंढेरा स्थित आवास में निधन हो गया।
ऋषभ के पिता राजेंद्र पंत का निधन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ऋषभ के पिता राजेंद्र पंत बुधवार की रात घर पर ही सो रहे थे, पत्नी सरोज ने जब उन्हें रात के खाने के लिए उठाया तो वह नहीं उठे, घरवाले उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। निधन की सूचना पर ऋषभ पंत आज सुबह ही रुड़की पहुंचे, उनके पिता का अंतिम संस्कार हरिद्धार में किया गया है।
दिल्ली डेयरडेविल्स का पहला मैच 8 अप्रैल को
दिल्ली डेयरडेविल्स का पहला मैच 8 अप्रैल को होगा, फिलहाल ऋषभ आगे के मैच खेलेंगे या नहीं इस पर अभी कोई सूचना नहीं है। हालांकि रणजी में दिल्ली की ओर से खेलते हुए इस बार उन्होंने बढ़िया प्रदर्शन किया था। ऐसे में फैंस को इस आईपीएल में भी उनसे बेहतरीन बल्लेबाजी की उम्मीद थी।