नई दिल्ली। भले ही टीम इंडिया की टेस्ट टीम में सुरेश रैना को जगह ना मिले, भले ही उन्हें चैंपियंस ट्राफी के लिए चुना ना गया हो और भले ही उनकी कप्तानी वाली गुजरात लायंस टीम आईपीएल 10 के प्लेऑफ जंग से बाहर हो चुकी हो लेकिन उनके प्रति मोहब्बत लोगों की ना तो कम हुई है और ना ही कभी कम हो सकती है।
जिसकी बानगी दिखी तब जब कानपुर के ग्रीन पार्क में गुजरात लायंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच मुकाबला चल रहा था, दिल्ली बैटिंग कर रही थी और गुजरात बॉलिंग, मैच चरम पर था और तभी एक फैन रैना का ऑटोग्राफ लेने मैदान में पहुंच गया, वो घुटनों पर बैठकर रैना से ऑटोग्राफ मांग रहा था। रैना के इस दीवाने की तस्वीरें तब से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
रैना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं
मालूम हो कि रैना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं और यूपी में काफी लोकप्रिय हैं, रैना की गिनती टीम इंडिया के काफी चार्मिंग क्रिकेटरों में होती है। उनकी शादी के वक्त भी कई लड़कियों ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वो रैना से बेइंतहा मोहब्बत करती हैं लेकिन रैना ने अपना हमसफर चुनकर हमारा दिल तोड़ दिया लेकिन हम उन्हें दिल से दुआ देते हैं कि वो जहां रहे, जिसके साथ रहे, हमेशा खुश रहें।