नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अब तक के इतिहास में नीलामी का कार्यक्रम पहली बार कोलकाता में आयोजित हो रहा है। जहां तमाम टीमें नीलमी के दौरान बड़े खिलाड़ियों के पीछे जा सकती हैं वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम सभी को चौंकाते हुए अनकैप्ड खिलाड़ियों के पीछे जा सकती है। 2 बार की खिताबी विजेता टीम कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में गौतम गंभीर के जाने के बाद से कप्तानी में वो परिपक्वता नहीं नजर आई है जो उनके दौरान थी। पिछले सीजन टीम को कई मैचों में करीबी हार का सामना करना पड़ा।
नीलामी से पहले टीम के नये मुख्य कोच ब्रेंडन मैक्कलम ने कहा कि उनकी टीम ने पूरी तैयार कर ली है और उन्हें उम्मीद है कि किस्मत इस बार उनके साथ होगी।
और पढ़ें: IPL Auction 2020: नीलामी में सबसे अलग नजर आयेगी सीएसके, इन खिलाड़ियों पर लगा सकती है दांव
मैकलम ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'आईपीएल में खिलाड़ियों की नीलामी के लिए कोलकाता रवाना हो रहा हूं। कुछ ही दिनों में हमारी कोलकाता की टीम पूरी हो जाएगी। पर्दे के पीछे की सभी तरह की रणनीति और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नीलामी में कुछ किस्मत की भी जरूरत होगी उम्मीद है कि वह हमारी तरफ ही होगी।'
कोलकाता की टीम ने इस साल दिनेश कार्तिक, सुनील नरेन, आंद्र रसेल, कुलदीप यादव, शुभमन गिल और लॉकी फर्ग्यूसन को रिटेन किया है। हालांकि उसके पास 4 विदेशी खिलाड़ियों सहित 11 जगह खाली है। कोलकाता की टीम को कुछ अच्छे गेंदबाजों के साथ मध्यक्रम में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों की दरकार है।
और पढ़ें: IPL Auction 2020: 13वें सीजन में सबसे महंगा बिक सकते हैं यह खिलाड़ी, देखे लिस्ट
ऐसे में कोलकाता नाईट राईडर्स की टीम ऑलराउंडर खिलाड़ियों की ओर जा सकती है। बजट में कमी के चलते केकेआर की टीम इस बार युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा दिखा सकती है ऐसे में उसकी नजर घरेलू क्रिकेट में रणजी और सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के फाइनल में भिड़ने वाली तमिलनाडु और कर्नाटक की टीम के खिलाड़ियों पर होगी।
कोलकाता की टीम देवदत्त पड्डीकल, मयंक अग्रवाल, शाहरुख खान, हरी निशांत और बाबा आपराजित के साथ जा सकती है। वहीं गेंदबाजों में रॉनित मोरे, जगदीश सुचित और मुरुगन अश्विन जैसे खिलाड़ियों पर दांव लगा सकती है केकेआर की टीम।
और पढ़ें: आईपीएल से जुड़ी हर अपडेट के लिये क्लिक करें
विदेशी खिलाड़ियों में केकेआर की टीम क्रिस लिन को एक बार फिर टीम से जोड़ना चाहेगी वहीं टीम क्रिस मॉरिस, पैट कमिंस जैसे खिलाड़ियों को भी साथ जोड़ना चाहेगी ताकि गेंदबाजी पक्ष मजबूत हो सके।