
दिल्ली ने गवर्निंग काउंसिल से की इशांत के रिप्लेसमेंट की मांग
उल्लेखनीय है कि इशांत शर्मा इस सीजन अभी तक सिर्फ एक ही मैच खेल पाये हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गये इस मैच में वह चोटिल हो गये थे जिसके बाद हर्षल पटेल को टीम में शामिल किया गया।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार इशांत शर्मा के रिप्लेसमेंट के लिये आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को मेल लिखने वाली बात की पुष्टि एक आधिकारिक सूत्र ने की है।

लगातार चोटों से जूझ रही है दिल्ली कैपिटल्स की टीम
उल्लेखनीय है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम पिछले कुछ समय से चोटों से जूझ रही है। अश्विन के कंधे में चोट लगने के बाद अमित मिश्रा केकेआर के खिलाफ नितिश राणा का कैच लेने की कोशिश में खुद को चोटिल कर बैठे और लीग से बाहर हो गये।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पीठ की परेशानी से जूझ रहे इशांत शर्मा का भी लीग से बाहर होना तय हो गया है। इस बीच टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी मांसपेशियों में खिंचाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के लिये यह चोटें खिताब के सपने पर रोक लगा सकती हैं।

इशांत शर्मा को चोटों का रहा है इतिहास
गौरतलब है कि इशांत शर्मा पिछले कुछ समय से चोटों के चलते लगातार टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं। इस साल जनवरी में टखने की चोट के चलते वह लगभग एक महीने तक टीम से बाहर रहे थे जिसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में दोबारा अपने टखने को घायल कर बैठे।
आपको बता दें कि इशांत शर्मा अपने करियर में 97 टेस्ट और 80 वनडे खेल चुके हैं लेकिन चोटों के चलते अंतर्राष्ट्रीय मैचों में उनके भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठता नजर आता है। वहीं आईपीएल करियर में भी इशांत शर्मा ने अब तक 89 मैच खेल कर 71 विकेट हासिल किया है, इस दौरान उनका 12 रन देकर 5 विकेट हासिल करना उनका बेस्ट प्रदर्शन है।


Click it and Unblock the Notifications