नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का पहला क्वालिफॉयर मैच दुबई के मैदान पर खेला जा रहा है जहां पर मुंबई इंडियंस की टीम दिल्ली कैपिटल्स पर भारी पड़ती नजर आ रही है। मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसके बाद रनों का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की गेंदबाजी ने जबरदस्त तरीके से परेशान करते हुए जीरो रन पर 3 विकेट चटकाये और बैकफुट पर धकेल दिया।
मुंबई के लिये ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर में दूसरी गेंद पर पहले पृथ्वी शॉ को विकेट के पीछे कैच कराया, तो वहीं अगली ही गेंद पर अजिंक्य रहाणे को LBW कर वापस पवेलियन भेज दिया। अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह ने भी शिखर धवन को बिना खाता खोले वापस पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही आईपीएल के इतिहास में बिना रन बनाये सबसे ज्यादा विकेट खोने वाली टीम का रिकॉर्ड अब दिल्ली कैपिटल्स के नाम हो गया है।
और पढ़ें: MI vs DC: पांड्या-किशन की विस्फोटक पारी से मुंबई को बढ़त, दिल्ली को दिया 201 का लक्ष्य
दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अपना खाता खोलने में 9 गेंदों का वक्त लगा और वो भी वाइड के रूप में खाते में जुड़ा। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस मैच में पावरप्ले के दौरान सिर्फ 32 रन बनाये और 4 विकेट खो दिये। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस सीजन पावरप्ले में 4 विकेट खोने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमें इस सीजन यही कारनामा कर चुकी है।
वहीं मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में पावरप्ले में 4 विकेट हासिल करने के साथ ही इतिहास रच दिया और आईपीएल में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टीम बन गई है। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाजों ने इस सीजन ही पावरप्ले में 74 ओवर गेंदबाजी की और 19.96 की औसत से 26 विकेट लेने का काम किया।
और पढ़ें: IPL 2020: जानें क्यों मुंबई के खिलाफ दिल्ली के खिलाड़ियों ने बांधी काली पट्टी
8 ओवर की समाप्ति पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम 42 रन बनाकर 5 विकेट खो चुकी है और दिल्ली की टीम इस मैच में बैकफुट पर जा चुकी है।