नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का फाइनल मैच आज दुबई के मैदान पर खेला जा रहा है जहां पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने प्लेऑफ 2 में भी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की थी और शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 86 रनों की साझेदारी की थी। हालांकि फाइनल मुकाबले में दिल्ली की टीम का पावरप्ले में फ्लॉप रहने का सिलसिला एक बार फिर लौट आया और मुंबई के खिलाफ उसने फिर से खराब शरुआत की।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने प्लेऑफ 2 की अपनी रणनीति को बरकरार रखते हुए मार्कस स्टॉयनिस और शिखर धवन की जोड़ी को ओपनिंग करने के लिये उतारा। हालांकि मुंबई इंडियंस के लिये ट्रेंट बोल्ट ने एक बार फिर शानदार शुरुआत की पहले ओवर की पहली गेंद पर फॉर्म में चल रहे मार्कस स्टॉयनिस को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों पहली ही गेंद पर वापस पवेलियन भेज दिया।
और पढ़ें: IPL 2020 Final: टॉस को लेकर रोहित शर्मा थे कन्फ्यूज, बोले- पता नहीं था क्या करूं
मार्कस स्टॉयनिस आज अपना खाता भी नहीं खोल सके। वहीं तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने अजिंक्य रहाणे को महज 2 रन पर डिकॉक के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। अजिंक्य रहाणे एक बार फिर से फ्लॉप हुए और कुछ नहीं कर सके।
दिल्ली कैपिटल्स के लिये यहां पर शिखर धवन और श्रेयस अय्यर एक साझेदारी बुनने की कोशिश कर ही रहे थे कि आज के मैच में राहुल चाहर की जगह मुंबई की टीम में खेल रहे जयंत यादव ने अपने पहले ओवर में फॉर्म में चल रहे शिखर धवन को वापस पवेलियन भेजने का काम किया। शिखर धवन 13 गेंदों में 3 चौके लगाकर 15 रन के स्कोर पर आउट हो गये।
और पढ़ें: IPL 2020 final: सहवाग ने की भविष्यवाणी, बताया दिल्ली-मुंबई के मुकाबले में कौन बनेगा चैम्पियन
दिल्ली की टीम ने इस सीजन चौथी बार पावरप्ले के अंदर 3 या उससे ज्यादा विकेट खोने का कारनामा किया है। वहीं पिछले 8 मैचों में सिर्फ 1 बार ही ऐसा हुआ है जब दिल्ली की टीम ने पावरप्ले में एक भी विकेट नहीं खोया है। आज के मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पावरप्ले के दौरान 3 विकेट खोकर सिर्फ 41 रन ही बनाये।