नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का पहला क्वालिफायर मैच आज दुबई के मैदान पर खेला जा रहा है जहां पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए आईपीएल में इतिहास रचने का काम किया है। सूर्यकुमार यादव इस सीजन लगातार शानदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं और इसे जारी रखते हुए उन्होंने दिल्ली के खिलाफ एक और अर्धशतक लगाया। सूर्यकुमार ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 38 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली जिसमें 6 चौके और 2 छक्के भी शामिल रहे।
सूर्यकुमार यादव के लिय यह उनके आईपीएल करियर का 100वां मैच रहा जिसमें अर्धशतक लगाकर उन्होंने न सिर्फ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किये बल्कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम में शामिल नहीं करने वाले चयनकर्ताओं को मुंहतोड़ जवाब दिया। सूर्यकुमार यादव ने इस सीजन अब तक खेले 15 मैचों में 4 अर्धशतक की मदद से 461 रन बना लिये हैं और इस दौरान उनका औसत 41.90 का रहा जबकि 148.23 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने का काम किया है।
और पढ़ें: IPL 2020: पहले क्वालिफायर में मुंबई ने रचा इतिहास, दिल्ली के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव ने दिल्ली के खिलाफ अपनी पारी के चलते आईपीएल में 2 हजार रन बनाने का कारनामा भी किया। सूर्यकुमार यादव के 100 मैचों में 2009 रन हो गये हैं और वह आईपीएल के इतिहास में ऐसे पहले खिलाड़ी बन गये है जिसने अपने अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू करने से पहले आईपीएल में 100 मैच खेल लिये हैं और 2000 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव ने साल 2012 में अपना डेब्यू किया था और तब से लेकर अब तक 30.43 की औसत से 135.37 की स्ट्राइक रेट से रन बनाने का काम किया है।
और पढ़ें: IPL 2020: जानें क्यों मुंबई के खिलाफ दिल्ली के खिलाड़ियों ने बांधी काली पट्टी
सूर्यकुमार ने अब तक 11 अर्धशतक जड़ने का काम किया है जिसमें से 4 इसी सीजन आये हैं। सूर्यकुमार ने 2018 के 14 मुकाबलों में खेलते हुए 512 रन बनाये थे जबकि पिछले सीजन में उन्होंने 16 मुकाबलों में 424 रन अपने नाम किये थे।