नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का दूसरा प्लेऑफ अबुधाबी के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच खेला जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम पिछले 6 मैचों में से 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है जिसमें उसका टॉप ऑर्डर फ्लॉप नजर आया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम लगातार सलामी जोड़ी से परेशान नजर आ रही थी, खास तौर से पृथ्वी शॉ की खराब फॉर्म से।
पहली बार फाइनल में पहुंचने के लिये दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये आज के मैच में इस समस्या से उबरना बेहद जरूरी था और इसको लेकर आज दिल्ली ने रणनीति में बदलाव किया और पृथ्वी शॉ को बाहर बिठाकर मार्कस स्टॉयनिस से ओपनिंग कराई।
और पढ़ें: कोरोना पॉजिटिव पाये गये महमदुल्लाह, PSL में नहीं होंगे शामिल
दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये आज के मैच में यह दांव काफी काम आया और इसी की बदौलत काफी समय बाद दिल्ली की टीम ने पावरप्ले में कोई विकेट नहीं खोया। इसके साथ ही दिल्ली की टीम ने पावरप्ले में लगभग 11 रन प्रति ओवर की औसत से 65 रन जोड़ने का काम किया।
मार्कस स्टॉयनिस ने पावरप्ले के दौरान 21 गेंदों में 33 रनों का योगदान दिया तो वहीं शिखर धवन ने 16 गेंदों में ताबड़तोड़ 30 रन जोड़े। दोनों खिलाड़ियों की ओर से दी गई इस अहम शुरुआत के चलते दिल्ली की टीम आज के मैच में बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है और लग रहा है कि आज हैदराबाद को हराकर वह पहली बार फाइनल में अपनी जगह पक्की करने में कामयाब रहेगी।
और पढ़ें: जब टॉस के दौरान खिलाड़ी का नाम भूले श्रेयस अय्यर, वार्नर ने की मदद
आपको बता दें कि दिल्ली के लिये शिखर धवन और मार्कस स्टॉयनिस की जोड़ी ने पहले विकेट के लिये 86 रनों की साझेदारी की जिसमें मार्कस स्टॉयनिस ने 27 गेंदों में 5 चौके 1 छक्के की मदद से 38 रनों का योगदान दिया। शिखर धवन ने भी इस साझेदारी में 27 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया।