नई दिल्ली। बीसीसीआई की ओर से हर साल आयोजित कराई जाने वाली इंडियन प्रीमियर लीग को इस साल कोरोना वायरस को देखते हुए दुबई में आयोजित कराया जा रहा है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 19 सितंबर से की जा रही है, जिसकी तैयारियों के लिये पिछले हफ्ते सभी टीमें यूएई पहुंच चुकी है। बीसीसीआई ने इस टूर्नामेंट के लिये खिलाड़ियों को 6 दिन क्वारंटीन और 4 बार कोरोना टेस्ट कराने का प्रावधान किया है जिसके बाद इस हफ्ते कई टीमों ने अभ्यास भी शुरु कर दिया है, जिसमें सबसे पहले यूएई पहुंचने वाली टीमें किंग्स इलेवन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स का नाम शामिल है।
और पढ़ें: IPL 2020 को लेकर कैफ ने की भविष्यवाणी, बताया कौन सी टीम बनेगी विजेता
वहीं विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स भी आज या कल में प्रैक्टिस शुरु कर सकती है। हालांकि रोहित शर्मा की टीम मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को अभी 7 दिन और होटल के कमरे में क्वारंटीन रहना होगा।
दरअसल मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की दोनों टीमें अबु धाबी में हैं जहां पर क्वारंटीन नियमों के अनुसार बाहर निकलने के लिये आपको 14 दिन का आइसोलेशन वक्त पूरा करना होता है। वहीं बाकी टीमें दुबई में हैं, जहां पर 6 दिन के क्वारंटीन के बाद टीमें मैदान पर अभ्यास शुरु कर सकती है।
और पढ़ें: कैरिबियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनें प्रवीण तांबे, छठी गेंद पर लिया विकेट
आपको बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 20 अगस्त को यूएई पहुंची थी तो वहीं पर मुंबई इंडियंस की टीम 21 अगस्त को यूएई पहुंची थी। इसका मतलब है कि इन दोनों टीमों को अन्य टीमों के मुकाबले तैयारी करने के लिये 7 दिन कम समय मिलेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले 4 महीने से ज्यादा समय से क्रिकेट बंद होने के चलते इस लीग में भाग लेने वाले ज्यादातर खिलाड़ी लंबे समय के बाद मैदान पर उतर रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के चोटिल होने की संभावना ज्यादा है, जिसे देखते हुए सभी टीमें संभलते हुए ट्रेनिंग कैम्प की तैयारी कर रही हैं।