IPL 2020: 7 खिलाड़ी जिन्होंने बिना 0 पर आउट हुए एक टीम के खिलाफ बनाये सबसे ज्यादा रन
नई दिल्ली। भारत में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन को यूएई में 19 सितंबर से आयोजित कराने का फैसला किया है। इसके साथ ही आईपीएल में भाग लेने वाली 8 में से 6 टीमें अब यूएई पहुंच चुकी हैं ताकि कोरोना वायरस के बीच सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए इस टूर्नामेंट को जैविक सुरक्षा बबल के अंदर खेला जा सके। अब तक राजस्थान रॉयल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें यूएई पहुंच चुकी हैं। दिल्ली और हैदराबाद की टीमें शनिवार को पहुंच जायेंगे।
और पढ़ें: कोरोना के बीच दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने क्रिकेट को कहा अलविदा, लिया संन्यास
इस बीच हम आईपीएल के इतिहास में जुड़े मजेदार आंकड़ों के बारे में बता रहे हैं, जिसके अनुसार आज हम उन बल्लेबाजों के बारे में बात करेंगे जिन्होंने एक सीजन के दौरान बिना 0 पर आउट हुए किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया है।
और पढ़ें: बड़ी खबर: सचिन-धोनी-कोहली के बाद खेल रत्न पाने वाले चौथे क्रिकेटर बने रोहित शर्मा

विराट कोहली के नाम है रिकॉर्ड
इस फेहरिस्त में पहला नाम भारतीय कप्तान विराट कोहली का है जिन्होंने आरसीबी की ओर से खेलते हुए किसी भी टीम के खिलाफ बिना जीरो पर आउट हुए सबसे ज्यादा 825 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। कोहली ने यह रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स की टीम के खिलाफ हासिल किया है।
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली ने आईपीएल में 177 मैचों में 5412 रन ठोके हैं, जिसमें 5 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं।

सुरेश रैना दूसरे, धोनी तीसरे नंबर पर
वहीं इस फेहरिस्त में चेन्नई सुपरकिंग्स के दिग्गज बल्लेबाज और मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर सुरेश रैना का नाम भी शामिल है जो कि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर काबिज हैं। सुरेश रैना ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बिना जीरो पर आउट हुए 818 रन बनाए हैं।
वहीं सीएसके के कप्तान एमएस धोनी का नाम इस फेहरिस्त में तीसरे नंबर पर है जिन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ बिना जीरो पर विकेट गंवाये 794 रन बनाने का कारनामा किया है। उल्लेखनीय है कि चेन्नई सुपरकिंग्स के लिये खेलने वाले इन दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने हाल ही में 15 अगस्त के दिन अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर को अलविदा कहते हुए संन्यास का ऐलान किया था।

इस लिस्ट में शामिल है रोहित शर्मा, गौतम गंभीर का भी नाम
वहीं इस फेहरिस्त में चौथे नंबर पर भी विराट कोहली का नाम है जिन्होंने बिना जीरो पर विकेट खोये चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 747 रन बनाने का कारनामा किया है। जबकि 5वें नंबर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा काबिज हैं जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 0 पर आउट हुए बिना 745 रन बनाए हैं।
वहीं कोलकाता और दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर इस लिस्ट में 730 रन बनाकर छठे नंबर काबिज हैं जो कि उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ बनाये थे। इनके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व कप्तान डेविड वॉर्नर ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 669 रन ठोके हैं और इस लिस्ट में शामिल होने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
