नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का 13वां सीजन कप्तान विराट कोहली के लिये अब तक काफी मिला जुला रहा है। इस साल खिताब जीतने की सबसे प्रबल दावेदार टीमों में से एक आरसीबी आज एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना कर रही है, हालांकि 4 साल बाद प्लेऑफ में पहुंचने वाली आरसीबी की टीम के लिये क्वॉलिफायर तक पहुंचने की राह आसान नजर नहीं आ रही है। खासतौर से तब जब उसके कप्तान विराट कोहली का फॉर्म लगातार खराब चल रहा है और वो बेहद अहम मौकों पर टीम के लिये रन बनाने में नाकाम हो रहे हैं।
विराट कोहली की टीम ने लीग स्टेज पर अपने 10वें मैच में ही 14 अंक हासिल कर लिये थे लेकिन उसके बाद से न तो कोहली को बल्ला चला है और न ही उसकी टीम को जीत मिल सकी है। लगातार 4 मैचों में विराट कोहली ने सिर्फ सीएसके के खिलाफ 50 रनों की पारी खेली थी लेकिन उसके बाद से वह 9,7,29 और 6 रन का ही योगदान दे सके हैं।
और पढ़ें: IPL 2020: डिविलियर्स ने बचाई आरसीबी की लाज, पचासा जड़ 131 के स्कोर पर पहुंचाया
केकेआर की तुलना में बेहतर नेट रन रेट होने के चलते आरसीबी की टीम ने लगातार हार के बावजूद प्लेऑफ में क्वालिफाई तो कर लिया लेकिन यहां से अगर आरसीबी की टीम को अपने जीत का सूखा मिटाना है तो उसके लिये कप्तान विराट कोहली के बल्ले से रनों का आना बेहद जरूरी है।
अबुधाबी के मैदान पर आज कप्तान विराट कोहली ओपनिंग करने उतरे। हालांकि फैन्स की उम्मीद पर पानी फेरते हुए वह 7 गेंद खेलकर सिर्फ 6 रन ही बना सके और जेसन होल्डर की गेंद पर विकेटकीपर श्रीवत्स गोस्वामी के हाथों लपके गये।
विराट कोहली के रन न बना पाने का असर आरसीबी की पारी पर भी देखने को मिला जिसकी वजह से करो या मरो के मैच में बैंगलोर की टीम सिर्फ 131 रन ही बना सकी। वहीं शॉन मार्श के चोटिल होने के बाद सनराइजर्स की टीम से जुड़ने वाले जेसन होल्डर ने जब से हैदराबाद के लिये खेलना शुरू किया है तब से वह अलग अंदाज में नजर आये हैं।
और पढ़ें: IPL 2020: दिल्ली के खिलाफ बुमराह ने रचा इतिहास, तोड़ा भुवनेश्वर का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
आज भी आरसीबी के बल्लेबाजों के खिलाफ उनका कहर देखने को मिला। जेसन होल्डर ने अपनी पारी में आरसीबी के तीन अहम विकेट विराट कोहली (6), देवदत्त पाड्डिकल (1) और शिवम दुबे (8) का विकेट हासिल किया। होल्डर ने अपनी 4 ओवर की गेंदबाजी के दौरान 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किये। इसी की बदौलत बेहद अहम मुकाबले में आरसीबी की टीम महज 131 रन ही बना सकी।