नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के 55वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा, हालांकि इस मैच में 6 विकेट से हार के बावजूद आरसीबी की टीम ने प्लेऑफ में क्वालिफाई कर लिया। दरअसल इस मैच में आरसीबी की टीम को क्वालिफाई करने के लिये दिल्ली की टीम को कम से कम 17.3 ओवर तक जीतने से रोकना था। हालांकि मैच के कप्तान विराट कोहली ने खुलासा किया कि उन्हें प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिये इस जरूरी समीकरण के बारे में कब पता चला।
अबुधाबी के मैदान पर खेले गये इस मैच में आरसीबी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 152 रन बनाये और दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 19 ओवर में 153 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। कोहली ने मैच के बाद बताया कि उन्हें प्लेऑफ में क्वालिफाई करने वाले इस समीकरण के बारे में 11वें ओवर में टीम मैनेजमेंट की ओर से जानकारी दी गई कि बेहतर नेट रनरेट के चलते अगर उनकी टीम को क्वालिफाई करना है तो मैच को कम से कम 17.3 ओवर्स तक खींचना होगा।
और पढ़ें: मद्रास हाई कोर्ट ने कोहली-गांगुली को भेजा नोटिस, जानें क्या है कारण
मैच के बाद विराट कोहली ने कहा, 'यह काफी मिक्स इमोशन है जहां पर आप मैच जीतने के इरादे से उतरते हैं लेकिन तभी आपको पता चलता है कि हार के बावजूद आपके पास क्वालिफाई करने का मौका है। टीम मैनेजमेंट ने शायद 11वें ओवर में मुझे इस बात की जानकारी दी कि 17.3 ओवर तक अगर दिल्ली को जीत से दूर रखते हैं तो हम क्वालिफाई कर सकते हैं। मैच भले ही हमसे दूर जा रहा था लेकिन बीच के ओवर्स में हम अच्छे कंट्रोल में थे। मुझे लगता है कि हमने क्वालीफाई करने के लिए टूर्नामेंट में अच्छा खेल दिखाया है। फाइनल से पहले हमें दो मैच जीतने होंगे। हमें बल्लेबाजी में अंतिम ओवरों में और गेंदबाजी में पावर प्ले में बेहतर प्रदर्शन करना होगा जो हमारा मजबूत पक्ष है।'
गौरतलब है कि लीग स्टेज के आखिरी 4 मैचों में लगातार हार का सामना करने वाली आरसीबी की टीम ने बेहतर रन रेट के चलते कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को पीछे छोड़ते हुए प्लेऑफ में क्वालिफाई कर लिया।
और पढ़ें: IPL 2020: प्लेऑफ में जगह बनाने उतरेगी हैदराबाद, ऐसी टीम बना Dream 11 में जीत सकते हैं इनाम
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के पास भी लीग में 14 अंक हैं। हालांकि अब उसकी किस्मत का फैसला प्लेऑफ के आखिरी मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियन्स के बीच होने वाले मुकाबले से होगा। जहां पर अगर हैदराबाद की टीम जीत दर्ज करती है, तो वह प्लेऑफ में जगह बनाएगी, जबकि उसके हारने पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम प्लेऑफ खेलेगी।