IPL 2021: भारत के खिलाफ सीरीज जीतने का श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मिला फायदा, यूएई लेग के लिये मिली जगह
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच जुलाई में खेली गई सीमित ओवर्स की सीरीज में शिखर धवन की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने वनडे सीरीज में जीत हासिल की थी, तो वहीं पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने टी20 सीरीज में वापसी करते हुए भारत को 2-1 से हरा दिया। इसका फायदा अब श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मिलता नजर आ रहा है जिसके चलते इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के दूसरे हाफ में वनिंदु हसरंगा और दुष्मंत चमीरा को बतौर रिप्लेसमेंट जगह दी गई है। इतना ही नहीं सिंगापुर क्रिकेट टीम के बल्लेबाज टिम डेविड को भी आईपीएल में जगह दी गई है।
विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की टीम ने वनिंदु हसरंगा और दुष्मंथ चमीरा की जोड़ी को आईपीएल में करार के लिये शामिल किया है तो वहीं पर दूसरी क्रिकेट लीग में विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर टिम डेविड को भी आरसीबी ने कॉन्ट्रैक्ट दिया है।
आरसीबी की टीम ने यह फैसला ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जांपा, केन रिचर्डसन और डैनियल सैम्स के आईपीएल के बचे हुए मैचों का हिस्सा बनने से इंकार कर दिया है, जिसके बाद विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम को रिप्लेसमेंट करना पड़ा है। उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2021 की नीलामी के दौरान पहली बार हुआ था कि किसी भी श्रीलंकाई खिलाड़ी को करार नहीं मिला था, हालांकि भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद वनिंदु हसरंगा और दुष्मंत चमीरा को आईपीएल में खेलने का मौका मिला है।
और पढ़ें: एशियन जूनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के पहले दिन चमके भारतीय मुक्केबाज, 6 बॉक्सर्स को मिली जीत
भले ही श्रीलंका की टीम को इंग्लैंड दौरे पर सभी मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और भारत के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज में श्रीलंका को पहली बार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
वनिंदु हसरंगा ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 8 विकेट हासिल किये और बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और श्रीलंका की टीम को जीत दिलाई। वहीं पर दुष्मंत चमीरा के पास दिखाने के लिये कुछ खास नंबर नहीं थे लेकिन भारतीय कोच राहुल द्रविड़ के साथ बातचीत और उनसे मिली तारीफ के चलते इस गेंदबाज को आईपीएल में खेलने का मौका मिला है।
इस बीच सिंगापुर के बल्लेबाज टिम डेविड टी20 क्रिकेट के स्पेशलिस्ट बनकर उभरे हैं जिन्होंने 49 मैचों में 155 की स्ट्राइक रेट से 1171 रन बनाये हैं। आरसीबी के लिये कीवी टीम के फिन एलेन और स्कॉट कुगलिन आईपीएल का हिस्सा नहीं बन पायेंगे जिसके चलते उसे चमीरा और टिम डेविड के साथ करार करना पड़ा।
गौरतलब है कि कीवी टीम के यह दोनों खिलाड़ी बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 और वनडे सीरीज का हिस्सा बने हैं। जहां बांग्लादेश का दौरा आईपीएल की शुरुआत से पहले खत्म हो जायेगा तो वहीं पर पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज आईपीएल के दौरान आयोजित की जायेगी।
आपको बता दें कि स्कॉट कुगेलिन सिर्फ न्यूजीलैंड की टी20 टीम का हिस्सा हैं लेकिन दोनों सीरीज का हिस्सा बनने के चलते वह आईपीएल का हिस्सा नहीं बन पायेंगे। आरसीबी की टीम आईपीएल 2021 में अपने कैंपेन का आगाज 20 सितंबर से कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
