नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वां सीजन का एलिमिनेटर मैच शारजाह के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेला गया, जहां पर केकेआर की टीम ने आरसीबी का पहला खिताब जीतने का सपना तोड़ते हुए 4 विकेट से जीत हासिल की और दूसरे क्वालिफायर मैच में जगह बना ली है। अब कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का सामना शारजाह के मैदान पर दूसरे प्लेऑफ में दिल्ली कैपिटल्स से होगा, जिसे सीएसके के खिलाफ पहले क्वालिफायर मैच में आखिरी ओवर के रोमांच में हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ ही आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का सफर भी समाप्त हो गया।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के लिये युवा अनकैप्ड गेंदबाज हर्षल पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया और आईपीएल 2021 के सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। इस दौरान हर्षल पटेल ने 15 मैचों में 54.2 ओवर्स फेंके और 14.15 की औसत और 8.33 की इकॉनमी से 32 विकेट हासिल किये और 453 रन दिये। हर्षल पटेल ने इस दौरान एक हैट्रिक भी हासिल की और एक पारी में 5 विकेट लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया।
और पढ़ें: फिर टूटा आरसीबी का खिताब जीतने का सपना, कोलकाता ने 4 विकेट से हरा कर दूसरे क्वालिफायर में बनाई जगह
हर्षल पटेल का भले ही इस सीजन सफर समाप्त हो गया है लेकिन उन्होंने आईपीएल के सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में अपना नाम सबसे ऊपर काबिज कर लिया है और टॉप पर पहुंच गये हैं। हर्षल पटेल ने इसके साथ ही आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज की लिस्ट में भी अपना नाम शुमार कर लिया है और ड्वेन ब्रावो के साथ संयुक्त रूप से पहले पायदान पर काबिज हो गये हैं।
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ड्वेन ब्रावो के नाम है जिन्होंने 32 विकेट चटकाये थे। हर्षल पटेल ने केकेआर की टीम के खिलाफ खेले गये इस मैच में शुबमन गिल और वेंकटेश अय्यर का विकेट लेकर ब्रावो के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। हर्षल पटेल ने केकेआर के खिलाफ इस मैच में 4 ओवर फेंक कर 19 रन दिये और 2 विकेट हासिल किये, हालांकि वह अपनी टीम को जीत दिला पाने में नाकाम रहे, जिसके चलते उनकी टीम दूसरे प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर सकी और वो ब्रावो का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके।
और पढ़ें: 16 साल की आयरिश बैटर ने तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड, शाहिद अफरीदी को भी छोड़ा पीछे
गौरतलब है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 138 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसे केकेआर की टीम ने 19.5 ओवर्स में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया और 4 विकेट से मैच को जीत लिया। केकेआर के लिये सुनील नरेन इस मैच में जीत के हीरो रहे जिन्होंने पहले गेंदबाजी में 4 विकेट (विराट कोहली, श्रीकर भरत, एबी डिविलियर्स और ग्लेन मैक्सवेल) चटकाये तो वहीं बल्लेबाजी में भी महज 15 गेंदों में 3 छक्के लगाकर 26 रनों की पारी खेली और टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।