नई दिल्ली। पंजाब के बल्लेबाज गुरकीरत सिंह मान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में इस सीजन के लिए शामिल किया गया है। गुरकीरत सिंह मान को रिंकू सिंह की जगह टीम में जगह दी गई है। दरअसल रिंकू सिंह पिछले हफ्ते चोटिल हो गए थे और उनके घुटने में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वह आईपीएल से बाहर हो गए थे और उनकी जगह केकेआर ने गुरकीरत सिंह को टीम में जगह दी है।
आईपीएल की मीडिया रिलीज में इस बात की जानकारी दी गई है। रिलीज में कहा गया है कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुरकीरत सिंह मान को बल्लेबाज रिंकू सिंह की जगह टीम में शामिल किया है। रिंकू सिंह घुटने में चोट की वजह से आईपीएल के इस पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगे। बता दें कि रिंकू सिंह ने 2017 में आईपीएल में अपना डेब्यू किया था और अभी तक वह कुल 11 आईपीएल के मैच खेल चुके हैं। वहीं गुरकीरत सिंह मान की बात करें तो उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला आरसीबी की ओर से पिछले आईपीएल के सीजन में खेला है। लेकिन इस बार आरसीबी ने उन्हें रिलीज कर दिया था।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुरकीरत सिंह को 50 लाख रुपए के बेस प्राइस पर खरीदा था। इससे पहले गुरकीरत सिंह 2019 और 2020 के आपीएल में आरसीबी की टीम में थे। 2019 में मान ने सिर्फ तीन मैच खेले और 98 रन बनाए, उनका उच्चतम स्कोर 65 का है। लेकिन पिछले सीजन में आरसीबी की ओर से उन्होंने 8 मैच खेले लेकिन सिर्फ 71 रन बना सके। इससे पहले गुरकीरत सिंह मान पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा थे। 2012-2017 तक मान पंजाब किंग्स की टीम में थे इसके बाद 2018 में वह दिल्ली कैपिटल्स की टीम में थे। मान ने कुल 41 मैच खेले हैं और इस दौरान कुल 511 रन बनाए हैं, जिसमे दो अर्धशतक भी शामिल हैं।
पिछले सीजन में रिंकू सिंह को सिर्फ एक मैच खेलने को मिला था, माना जा रहा था कि केकेआर के लिए रिंकू सिंह बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। लेकिन चोटिल होने की वजह से उन्हें आईपीएल के इस सीजन से बाहर होना पड़ा है। रिंकू सिंह ने 2017 में अपना डेब्यू किया और अभी तक आईपीएल के कुल 11 मैच खेले हैं।
इसे भी पढ़ें- T20 World Cup: BCCI ने दिया ICC को भरोसा, पाकिस्तान को दिलाया जाएगा वीजा