IPL 2021: कैफ ने बताया आईपीएल के सबसे मजबूत बल्लेबाज का नाम, करता है बेखौफ बल्लेबाजी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार आगाज करते हुए पहले 3 मैचों में से 2 में जीत हासिल की है। दिल्ली कैपिटल्स को अपने अगले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पर खेलने उतरना है जहां पर उसे पिछले 4 मैचों से मिल रही हार के सिलसिले को रोकना है। दिल्ली कैपिटल्स के लिये इस सीजन सलामी बल्लेबाज शिखर धवन शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और रविवार को हुए मैच में जिस तरह से उन्होंने पंजाब के खिलाफ 49 गेंदों में 92 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम के लिये जीत सुनिश्चित की उससे न सिर्फ दिल्ली के खेमे को राहत मिली होगी बल्कि इस साल भारत में आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप की प्लेइंग 11 में अपनी जगह को लेकर भी दावेदारी मजबूत की है।
और पढ़ें: CSK vs RR: जानें कैसे जोस बटलर के छक्के से हारा राजस्थान, 8 रन में खो दिये 5 विकेट
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय में शिखर धवन टी20 प्रारूप में अपनी जगह बना पाने में नाकाम हो रहे थे, इतना ही नहीं टी20 विश्व कप के लिये उनसे पहले केएल राहुल और ईशान किशान को विकल्प के तौर पर देखा जा रहा था, हालांकि अपने प्रदर्शन से उन्होंने भारतीय टीम मैनेजमेंट को फिर से सोचने पर मजबूर जरूर कर दिया है।
और पढ़ें: IPL 2021: कुलदीप यादव ने बताया कौन है आईपीएल के सबसे खतरनाक बल्लेबाज, कहा- बॉलिंग करना मुश्किल

IPL के सबसे बेखौफ बल्लेबाज हैं शिखर धवन
शिखर धवन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ खेली गई अपनी पारी में 13 चौके, 2 छक्के लगाने का काम किया जिसके चलते दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 196 रनों के विशाल स्कोर को आसानी से हासिल कर लिया। आईपीएल 2021 के पहले 3 मैचों में धवन का यह दूसरा अर्धशतक है। दिल्ली कपिटल्स के सहायक कोच मोहम्मद कैफ ने धवन की इस पारी की जमकर तारीफ की है और उन्हें आईपीएल का सबसे निडर बल्लेबाज बताया है।

कैफ ने धवन को बताया आईपीएल का सुपरस्टार
कैफ ने धवन की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए उन्हें आईपीएल का वो खास बल्लेबाज बताया है जो कि निडर होकर क्रिकेट खेलता है लेकिन उसके बावजूद क्रीज पर मजबूती से टिका रहता है। कैफ ने धवन को आईपीएल का सुपर स्टार कहकर भी संबोधित किया।
अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से शिखर धवन की तारीफ करते हुए कैफ ने लिखा,'शिखर धवन वो खास बल्लेबाज हैं जो कि मैदान पर तब भी मजबूती से टिके होते हैं जब वो बेखौफ होकर बल्लेबाजी कर रहे होते हैं। वह बिना कोई समझौता किये खतरों को कम करने का काम करते हैं। उनका स्ट्राइक रेट बताता है कि वो टी20 क्रिकेट के कितने महान खिलाड़ी हैं। गब्बर एक आईपीएल सुपरस्टार हैं।'

ओस के चलते वानखेड़े की पिच पर मिलती है मदद
गौरतलब है कि पंजाब किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मयंक अग्रवाल (69) और केएल राहुल की आतिशी पारियों के दम पर महज 12 ओवर में ही 122 रन बना लिये थे, हालांकि दिल्ली के गेंदबाजों ने बीच के ओवर्स में वापसी की और पंजाब की टीम 195 रन ही बना सकी। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने शिखर धवन (92), पृथ्वी शॉ (35) और मार्कस स्टॉयनिस (27) की शानदार पारियों के दम पर 10 गेंद पहले ही मैच को 6 विकेट से जीत लिया।
मैच के बाद शिखर धवन ने माना कि वानखेड़े के मैदान पर ओस के चलते पहली पारी की अपेक्षा दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स को अपने अगले 2 मैच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेलने होंगे।
रविचंद्रन अश्विन से बात करते हुए शिखर धवन ने कहा,'वानखेड़े के मैदान पर उछाल मिलती है और गेंद आसानी से बल्ले पर आता है, खास तौर से दूसरी पारी में जब मैदान पर ओस आ जाती है। मेरी बल्लेबाजी की शैली जैसी है उससे मैं गेंदबाजों की गति का इस्तेमाल कर सकता हूं और स्पिनर्स के लिये ज्यादा मदद नहीं है तो मैं चाहे जैसे शॉट मार सकता हूं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
