
13 बार बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे है टॉप 4 खिलाड़ी
आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार बिना खाता खोले आउट होने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो टॉप 4 खिलाड़ी 13 बार आउट होकर वापस पवेलियन लौटे हैं। इसमें मुंबई इंडियंस को 5 बार खिताब जिताने वाले कप्तान रोहित शर्मा, हरभजन सिंह, पार्थिव पटेल और अजिंक्य रहाणे का नाम भी शामिल है। इस लिस्ट में शामिल 4 नामों में से 3 खिलाड़ी पारी का आगाज करते नजर आये हैं। रोहित शर्मा ने मुंबई के लिये 207 मैच खेलकर 31.49 की औसत से 5480 रन बनाये हैं, इस दौरान वह 13 बार डक का शिकार हुए हैं।
वहीं दिल्ली की ओर से खेलने वाले अजिंक्य रहाणे भी 151 आईपीएल पारियों में 31.52 की औसत से 3941 रन बना चुके हैं और 13 बार आउट हो चुके हैं। वहीं क्रिकेट से संन्यास ले चुके पार्थिव पटेल भबी इस लिस्ट में शामिल हैं जिन्होंने 2848 रन बनाये थे और वो भी 13 बार डक का शिकार हुए। हरभजन सिंह भी आईपीएल की 90 पारियों में 13 बार बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे हैं।

गौतम गंभीर, अंबति रायडु और मनीष पांडे का नाम भी है शामिल
इन 4 दिग्गज खिलाड़ियों के बाद लिस्ट में जो नाम शामिल है वो आईपीएल के इतिहास के सबसे शानदार प्लेयर्स में शामिल है। आईपीएल से संन्यास ले चुके और कोलकाता नाइट राइडर्स को 2 बार खिताब जिताने वाले कप्तान गौतम गंभीर का नाम भी शामिल है जो कि करियर में 12 बार डक पर आउट हुए हैं। इतना ही नहीं आईपीएल 2014 के दौरान वह लगातार 3 पारियों में बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे थे।
अपने करियर के दौरान गंभीर ने 31 की औसत से 4217 रन बनाये थे। वहीं अंबति रायडु ने सीएसके की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है और 2018 में तीसरा खिताब जिताने का कारनामा किया। अंबति रायडु आईपीएल के इतिहास में 156 पारी खेल चुके हैं और 13 बार डक पर आउट हुए हैं। वहीं सनराईजर्स हैदराबाद के मध्यक्रम में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज मनीष पांडे का नाम भी इस लिस्ट में शुमार है जिन्होंने कई शानदार पारियां खेली हैं लेकिन इस दौरान 12 बार बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे हैं।

फेहरिस्त में इन खिलाड़ियों का नाम भी है शामिल
गौरतलब है कि इस लिस्ट में पीयूष चावला और मनदीप सिंह का नाम भी शामिल है जो कि करियर में 12 बार बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे हैं। मनदीप सिंह ने जहां अपने आईपीएल करियर के दौरान मध्यक्रम में कई शानदार पारियां खेली हैं तो वहीं पर पीयूष चावला ने निचले मध्यक्रम में कई बार अहम पारियों का योगदान दिया है। जहां मनदीप सिंह आईपीएल की 91 पारियों में 12 बार बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे हैं तो वहीं पर पीयूष चावला 81 पारियों में 12 बार डक पर आउट हुए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
