IPL 2022 : अश्विन का दावा- दिल्ली कैपिटल्स नहीं करेगी इन 2 खिलाड़ियों को रिटेन
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 14वां सीजन पिछले महीने ही खत्म हुआ। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगले सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। आईपीएल का 15वां सीजन खास रहने वाला है, क्योंकि इसके लिए बड़े स्तर पर पहले खिलाड़ियों की बोली लगती दिखेगी तो फर 10 टीमें खिताब जीतने की होड़ में रहेंगी। सभी आठ मौजूदा फ्रैंचाइजी को अपने आईपीएल 2021 स्क्वॉड से चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति होगी। इसमें तीन भारतीय खिलाड़ी या अधिकतम दो विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। जहां तक दो नई फ्रेंचाइजी अहमदाबाद और लखनऊ की बात है, उन्हें नीलामी से पहले गैर-रिटेन किए गए खिलाड़ियों के पूल से तीन खिलाड़ियों को चुनने की अनुमति होगी।
यह भी पढ़ें- वो महान खिलाड़ी है, लय हासिल करने से सिर्फ एक पारी दूर है : पुजारा

दिया ये बयान
आईपीएल 2022 में पांच महीने से भी कम समय बचा है, इसलिए सभी फ्रेंचाइजी एक मजबूत टीम बनाने की योजना बनाने में व्यस्त होंगी। इस बीच, अनुभवी भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल के मेगा नीलामी से पहले दावा किया है कि दिल्ली फ्रेंचाइजी दो खिलाड़ियों को रिटेन नहीं करेगी। हैरानी भरी बात यह है कि उन्होंने खुद का नाम भी बताया। उन्होंने संकेत दिया है कि बोली लगाने से पहले न तो उन्हें और न ही श्रेयस अय्यर को दिल्ली कैपिटल्स द्वारा रिटेन किया जाएगा।

रिटेन करना होता तो मुझे पता होता
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "मुझे लगता है कि श्रेयस को रिटेन नहीं किया जाएगा। मैं भी लिस्ट में नहीं हूं। तो हमारी जगह किसी और को आना पड़ेगा। अगर मुझे रिटेन करना होता था तो मुझे पता होता ।" टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बेहतरीन स्पिनरों में से एक रहे अश्विन 2020 सीजन में कैपिटल्स में शामिल हुए। उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) से बाएं हाथ के स्पिनर जगदीश सुचित के लिए ट्रेड किया गया था।

अश्विन ने आलोचकों का किया था मुंह बंद
ऑफ स्पिनर ने दिल्ली के लिए कुछ प्रभावशाली स्पैल फेंके। अश्विन ने 7.55 की इकॉनमी रेट के साथ 20 विकेट चटकाए। इसी के साथ उन्होंने आलोचकों के मुंह भी बंद कर दिए। जहां तक अय्यर का सवाल है, वह 2015 में आईपीएल में डेब्यू करने के बाद से दिल्ली की टीम के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने 2019 में टीम को बताैर कप्तान प्लेऑफ के लिए टीम को पहुंचाया और 2020 के सीजन में फाइनल तक टीम को पहुंचाया। हालांकि 2021 में अय्यर कंधे की चोट के कारण आधे सीजन से बाहर हो गए थे। इसके कारण ऋषभ पंत को कप्तानी साैंपी गई। माना जा रहा है कि दिल्ली द्वारा पंत, कगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्टजे को बरकरार रखना निश्चित है। चाैथा रिटेन अक्षर पटेल और आवेश खान के बीच किसी एक के रूप में देखने को मिल सकता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
