
कप्तानी में है अय्यर का शानदार रिकॉर्ड
आईपीएल 2018 के मिड सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने गौतम गंभीर से कप्तानी लेकर श्रेयस अय्यर को सौंपी जिसके बाद इस खिलाड़ी ने अपनी टीम को दो बार प्लेऑफ तक पहुंचाया, जिसमें एक फाइनल भी शामिल रहा। हालांकि आईपीएल 2021 के शुरू होने से पहले उनके कंधे में चोट लगी और वो पूरे सीजन से बाहर हो गये, जिसके बाद ऋषभ पंत को टीम की कमान सौंपी गई। पंत ने शानदार तरीके से टीम का नेतृत्व किया और पहले लेग के दौरान 6 मैचों में जीत हासिल की। वहीं पर जब यूएई में दूसरा लेग खेला गया तो अय्यर ने टीम में वापसी कर ली लेकिन कप्तानी की जिम्मेदारी पंत के पास ही रही। पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम दूसरे क्वालिफायर से बाहर हो गई।

इस वजह से दिल्ली कैपिटल्स का साथ छोड़ेंगे अय्यर
अब टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर कप्तानी का रोल निभाने को बेकरार हैं और यही वजह है जिसके चलते वह दिल्ली कैपिटल्स का साथ छोड़कर मेगा नीलामी का हिस्सा बनने को तैयार हैं। ऐसे में वो किसी और टीम के साथ जुड़कर उसका नेतृत्व करना चाहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली कैपिटल्स की टीम अगले सीजन के लिये ऋषभ पंत को ही टीम का कप्तान बनाये रखने की ओर देख रही है।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 के लिये हाल ही में दो नई टीमों (अहमदाबाद और लखनऊ) को मंजूरी दी गई है, जिसका मतलब है कि इस बार 10 टीमों के साथ आईपीएल खेला जायेगा। बीसीसीआई की रिटेंशन पॉलिसी के तहत नई टीमें ऑक्शन से पहले अधिकतम 3 खिलाड़ी अपने साथ ट्रेड कर सकती हैं। वहीं पर सनराईजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें भी इस साल नये कप्तान की तलाश करती नजर आयेंगी, जिसे देखते हुए श्रेयस अय्यर काफी बड़े दावेदार बनकर उभरे हैं।

फ्रैंचाइजी के फैसले का सम्मान करते हैं अय्यर
वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर ने ऋषभ पंत को कप्तान बनाये रखने के फैसले को लेकर पहले ही कहा था कि वो फ्रैंचाइजी के फैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा था कि यह फ्रैंचाइजी का फैसला है और वो जो भी फैसला करते हैं मैं उसका सम्मान करता हूं।
आपको बता दें कि श्रेयस अय्यर इस समय टी20 विश्वकप 2021 की भारतीय टीम में बतौर रिजर्व प्लेयर शामिल हुए हैं। विश्वकप के बाद भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवर्स की सीरीज खेलनी है जिसमें अय्यर शानदार प्रदर्शन कर मेगा ऑक्शन से पहले अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
