मुंबई। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने कप्तान विराट कोहली की प्रतिभा पर सवाल खड़े किए थे तो जाहिर है जवाब मिलना ही था, सो मिल गया लेकिन उन्हें इतना खरा जवाब मिला था, इसकी कल्पना भी शायद उन्होंने सपने में ना की होगी।
एंडरसन को जवाब दिया है बीसीसीआई चीफ अनुराग ठाकुर ने, उन्होंने कहा 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे।' अनुराग ने कहा कि एंडरसन हार की वजह से काफी परेशान हैं इसलिए वो इस तरह की बाते कर रहे हैं। आपको बता दें कि टेस्ट सीरीज के पिछले तीन मैचों में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा है, एंडरसन को पिछले तीन पारी से एक भी विकेट नहीं मिला है।
बता दें कि साल 2014 में टेस्ट सीरीज के दौरान इंग्लैंड में एंडरसन ने विराट कोहली को चार बार आउट किया था इसलिए वो इस सीरीज में काफी खतरनाक माने जा रहे थे लेकिन अभी तक उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है।
गौरतलब है कि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज एंडरसन ने कहा कि जबरदस्ती विराट कोहली के खेल को तवज्जो दी जा रही है, उनके रिकॉर्ड इसलिए बन रहे हैं क्योंकि भारतीय विकेट ऐसे बनाए गए जहां कोहली का बल्ला बोले। भारतीय विकेट में मूवेंट की कमी है और इसी कारण यहां विराट कोहली का बल्ला आग उगल रहा है।