नई दिल्ली। स्ट्रेस फ्रैक्चर की चोट से जूझ रहे भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह लेने के लिए इंग्लैंड जाएंगे। जसप्रीत बुमराह को कमर के निचले हिस्से में चोट (स्ट्रेस फ्रैक्चर) लगी है जिसके चलते वह दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं। इस चोट के कारण जसप्रीत बुमराह कम से कम दो महीने तक भारतीय टीम से बाहर हो गए। जसप्रीत बुमराह के पिछले साढ़े तीन साल के करियर में यह पहली बार होगा, जब वह चोट के कारण इतने लंबे समय तक टीम से दूर रहेंगे।
बीसीसीआई के कार्यकारी अधिकारी ने कहा है कि डॉक्टरों से सलाह लेने के लिए जसप्रीत बुमराह एक सप्ताह के लिए इंग्लैंड में रहेंगे। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई स्ट्रेस फ्रैक्चर के इलाज के लिए बुमराह को लंदन भेज रही है। इस दौरान एनसीए के फिजियोथेरेपिस्ट आशीष कौशिक उनके साथ रहेंगे। बीसीसीआई ने तीन अलग-अलग विशेषज्ञों से राय लेने के लिए समय लिया है।
और पढ़ें: IND vs SA: यह 5 साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी रोक सकते हैं भारत का विजय रथ, रहना होगा सावधान
उन्होंने कहा, 'हां, वह अक्टूबर के पहले सप्ताह में इंग्लैंड जाएंगे और आशीष कौशिक भी उनके साथ रहेंगे। तीन डॉक्टर उनके चोट की जांच करेंगे और फिर इसके बाद ही आगे के बारे में कोई फैसला लिया जाएगा।'
बीसीसीआई अधिकारी ने कहा, 'बुमराह 6 या 7 अक्टूबर को एक सप्ताह के लिए इंग्लैंड रवाना हो सकते है। उनकी आगे की योजना तीन डॉक्टरों से मिली राय पर निर्भर करेगी। हमने इस मामले में सर्वश्रेष्ठ चिकित्सकों से राय ली है।'
टीम को साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में बुमराह की कमी खलेगी। 25 साल का यह गेंदबाज पिछले दो वर्षों में टीम का मुख्य गेंदबाज बनकर उभरा है। उन्होंने 12 टेस्ट में 62 विकेट जबकि 58 एकदिवसीय में 103 विकेट चटकाए हैं। टी20 में उनके नाम 42 मैच में 51 विकेट हैं।
और पढ़ें: SAFF U18 Championship: बांग्लादेश को हरा भारत ने जीता अपना पहला खिताब
इससे पहले पूर्व भारतीय पेसर आशीष नेहरा ने रविवार को कहा कि जसप्रीत बुमराह का स्ट्रेस फ्रैक्चर उनके अलग तरह के ऐक्शन के कारण नहीं है और ऐसे मामले में ठीक होने की कोई समय सीमा नहीं होती है। बुमराह दो महीने में ठीक हो सकते हैं या फिर छह महीने तक मैदान से दूर रह सकते हैं।