सिडनी। टीम इंडिया के सफलतम कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का टेस्ट मैचों से संन्यास लेने पर पहली बार टेस्ट टीम के नये कप्तान विराट कोहली ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि धोनी का संन्यास लेना काफी चौंकाने वाला था, आम आदमी की तरह यह मेरे लिए भी काफी हैरान कर देने वाला फैसला था। मेलबर्न टेस्ट के बाद हम सभी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में कपड़े बदल रहे थे और तभी धोनी ने अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। हम में से किसी को भी अंदाजा नहीं था कि धोनी संन्यास लेने वाले थे।
उनका यह फैसला हमारे लिए स्तब्ध कर देने वाला था। इसमें कोई शक नहीं कि वो वक्त बेहद ही भावुक था जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। धोनी मेरे लिए और मेरे जैसे हर उस युवा खिलाड़ियों के लिए आदर्श रहेंगे जिन्होंने उनकी कप्तानी में टेस्ट करियर शुरू किया था।
धोनी के संन्यास के बारे में पहले से अंदाजा नहीं था
विराट ने कहा कि धोनी मेरे लिए हमेशा आदरणनीय रहेंगे और मैं हमेशा उनका मार्गदर्शन लेता रहूंगा क्योंकि अंतराष्ट्रीय मैचों पर सकारात्मक फैसले लेने का जितना अच्छा अनुभव उनका है उतना और किसी का नहीं।
गौरतलब है कि भारत-आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के अंतिम चौथे टेस्ट मैच में विराट कोहली कप्तानी करेंगे। हालांकि विराट ने इस सीरीज के पहले मैच जो कि एडीलेड में हुआ था वहां कप्तानी की थी लेकिन वो कप्तानी धोनी की गैरहाजिरी में हुई थी। भारत इस सीरीज को पहले ही गंवा चुका है।
आपको बता दें कि इस सीरीज के तीसरे मैच मेलबर्न टेस्ट के बाद महेन्द्र सिंह धोनी ने टेस्ट मैचों से संन्यास का ऐलान कर दिया है।