
खास अंदाज में सेलिब्रेट करेगी एमसीए
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार एमसीए की इस बैठक के एजेंडे की एक कॉपी उनके पास है। इसके अनुसार 6 मार्च 2021 को सुनील गावस्कर को टेस्ट डेब्यू किये हुए 50 साल पूरे हो जाएंगे और इस मौके पर जश्न मनाने के विचार पर चर्चा होगी। उल्लेखनीय है कि सुनील गावस्कर ने अपनी डेब्यू सीरीज में ही 774 रन बनाकर एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया जो कि आज भी बरकरार है। सुनील गावस्कर उस समय की बॉम्बे क्रिकेट टीम का भी अहम हिस्सा थे और भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में बॉम्बे की टीम ने अपना वर्चस्व स्थापित किया था, इसीलिये एमसीए उन्हें खास सम्मान देने की तैयारी कर रहा है।

टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी थे गावस्कर
विश्व क्रिकेट में सबसे पहले 10 हजार टेस्ट रन पूरे करने का रिकॉर्ड बनाने वाले लिटिल मास्टर गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। सुनील गावस्कर वेस्टइंडीज खिलाफ एक सीरीज में सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी रखते हैं। इतना ही नहीं सुनील गावस्कर दुनिया के पहले खिलाड़ी थे जिसने टेस्ट क्रिकेट में 9000 और 10000 रन पूरे किये थे।
संन्यास के वक्त सुनील गावस्कर ने अपने नाम 10122 रन रखे थे जो कि उस समय टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रनों का विश्व रिकॉर्ड था। इसे बाद में ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर (11174) ने तोड़ा, जिसके बाद अब तक कुल 11 बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में गावस्कर से ज्यादा रन बना चुके हैं, जिसमें सबसे ऊपर भारत के सचिन तेंदुलकर (15921) के नाम है।

गावस्कर ने तोड़ा था ब्रैडमैन का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमैन का 29 टेस्ट शतक का विश्व रिकॉर्ड सुनील गावस्कर ने तोड़ा था। गावस्कर 34 शतक का विश्व रिकॉर्ड बनाकर 1987 में रिटायर हुए थे। बाद में 2005 में उनका यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (51) ने तोड़ा, जिनके नाम अब भी सर्वाधिक टेस्ट शतक का विश्व रिकॉर्ड है। वैसे अब कुल पांच बल्लेबाज गावस्कर से ज्यादा टेस्ट शतक बना चुके हैं।
टेस्ट क्रिकेट में तीन बार दोनों पारियों में शतक जड़ने की उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज गावस्कर थे। उनके इस विश्व रिकॉर्ड को बाद में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और डेविड वार्नर ने बराबर किया।


Click it and Unblock the Notifications
