MI vs RCB: दुबई में अर्धशतक ठोंक कोहली ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी, ऐसा करने वाले दूसरे एशियाई खिलाड़ी बने
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा लेग यूएई में खेला जा रहा है जिसका 39वां मैच दुबई के मैदान पर 5 बार की खिताबी चैम्पियन मुंबई इंडियंस और पहले खिताब की तलाश कर रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमें इस मैच में लगातार 2 हार के बाद जीत की तलाश में मैदान पर उतरी हैं। मुंबई की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद आरसीबी के लिये कप्तान विराट कोहली और देवदत्त पाड्डिकल मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे। हालांकि आरसीबी की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज पाड्डिकल आईपीएल में डेब्यू करने की 23 पारियों बाद पहली बार बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें अपने पहले ही ओवर में पवेलियन भेज दिया।
हालांकि इसके बाद आरसीबी के लिये कप्तान विराट कोहली (51) और केएस भरत (32) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को दबाव की स्थिति से बाहर निकाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 67 रनों की साझेदारी की और जहां भरत ने ताबड़तोड़ 32 रनों का योगदान दिया तो वहीं पर कप्तान विराट कोहली ने पिछले मैच की फॉर्म को जारी रखते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही विराट कोहली ने अबुधाबी के मैदान पर रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी है।
और पढ़ें: CSK vs KKR: घुटने से खून बहता रहा लेकिन जारी रही डुप्लेसिस की फील्डिंग, फैन्स को याद आये शेन वॉटसन

10 हजार टी20 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बने
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इस मैच में 13 रन बनाते ही टी20 प्रारूप में 10 हजार रनों के आंकड़ों को पार कर लिया और क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गये। विराट कोहली ने 314 मैचों की 299 पारियों में यह कारनामा किया। इसके साथ ही वह यह कारनामा करने वाले दूसरे एशियाई खिलाड़ी बन गये हैं। इतना ही नहीं वो टी20 प्रारूप में यह कारनामा करने वाले दुनिया के 5वें खिलाड़ी बन गये हैं। विराट कोहली से पहले यह कारनामा क्रिस गेल (14275), कायरन पोलार्ड (11195), शोएब मलिक (10808) और डेविड वॉर्नर (10019) कर चुके हैं।

सबसे तेज 10 हजार रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने
इतना ही नहीं विराट कोहली ने इस पारी में 10 हजार रनों का आंकड़ा पूरा करते ही एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टी20 प्रारूप में सबसे तेज 10 हजार रन पूरा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गये हैं। वह इस मामले में सिर्फ क्रिस गेल से पीछे हैं जिन्होंने यह कारनामा करने के लिये 285 पारियां ली थी जबकि विराट कोहली ने 299 पारियों में यह कारनामा किया है। इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर तीसरे नंबर पर, कायरन पोलार्ड चौथे नंबर और शोएब मलिक पांचवे पायदान पर काबिज है।

डेविड वॉर्नर को छोड़ा पीछे
विराट कोहली ने मुंबई के खिलाफ इस मैच में 42 गेंदों का सामना कर 3 चौके और 3 छक्के लगाये और 51 रनों की पारी खेल आईपीएल में अपना 42वां अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही वह टी20 प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे पायदान पर पहुंच गये हैं। उन्होंने इस मामले में डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 10019 रन बनाये हैं और अपनी इस पारी के साथ ही विराट कोहली 10038 रनों के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गये हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications