नई दिल्ली। रांची टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को बड़ा झटका लगा है। मिशेल मार्श के बाद अब तेज गेंदबाज मिशेल स्टॉर्क भी पैर में फ्रेक्चर के कारण टीम से बाहर हो गए हैं और वो इलाज के लिए वापस अपने वतन जा रहे हैं।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने शुक्रवार को इस खबर की पुष्टि की है। गौरतलब है कि बुधवार को भी खबर आई थी कि मार्श भी चोटिल होने के कारण श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।
'स्टॉर्क के पैर की हड्डी टूटी'
मालूम हो कि सीए की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बेंगलुरू में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान स्टॉर्क को पैर में दर्द की शिकायत हुई थी और दुर्भाग्यवश वह अगले टेस्ट मैच में टीम के साथ नहीं खेल पाएंगे क्योंकि उनके पैर की हड्डी टूट गई है। ये बात स्कैन में सामने आई है। इसलिए स्टॉर्क सीरीज के बचे दोनों टेस्ट मैच में खेल नहीं पाएंगे।
तस्मानिया के जेक्सन बर्ड को मिल सकता है मौका
अभी तक स्टॉर्क के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी का नाम घोषित नहीं किया गया है, लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि तस्मानिया के जेक्सन बर्ड को उनके स्थान पर आस्ट्रेलिया टीम में जगह मिल सकती है। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच जारी चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला का स्कोर अभी 1-1 से बराबरी पर चल रहा है।