
संन्यास की अटकलों पर क्या बोले धोनी
धोनी ने सबसे पहले अपने संन्यास को लेकर मीडिया में चल रही खबरों को महज अफवाह बताते हुए नकार दिया है। इतना ही नहीं धोनी ने अपने आलोचकों पर चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि ऐसा लगता है कई लोग यह चाहते हैं कि वह विश्व कप में भारत के अगले मैच से पहले ही संन्यास की घोषणा कर दें। धोनी का इशारा भारत और श्रीलंका के मैच की ओर था। आपको बता दें कि पिछले कुछ मैचों में परिस्थतियों के हिसाब से धीमा खेल दिखाने के चलते धोनी आलोचकों के निशाने पर रहे हैं। यहां तक की सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली जैसे पूर्व महान क्रिकेटरों ने भी धोनी के बल्लेबाजी इंटेंट पर सवाल खड़े किए थे।

धोनी ने साधा आलोचकों पर निशाना
खासकर इंग्लैंड के मैच में धोनी और जाधव ने जिस तरह की रन प्रति बॉल बल्लेबाजी की थी उसके बाद टीम इंडिया की भी काफी आलोचना हुई थी। उस समय भारत को 13 रन प्रति ओवर के हिसाब से बल्लेबाजी की दरकार थी। हालांकि चौतरफा आलोचनाओं के बीच मैच के बाद धोनी को टीम के कप्तान कोहली और उप कप्तान रोहित शर्मा का सपोर्ट मिला था। उसके बाद से ही धोनी के संन्यास पर बातें होने लगी थी। धोनी ने एबीपी न्यूज से बात करते हुए सभी अटकलों को खुद ही समाप्त करते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता है कि मैं कब संन्यास लूंगा। लेकिन कई लोग चाहते हैं कि मैं श्रीलंका के खिलाफ मैच से पहले ही संन्यास ले लूं।'

हाल में मीडिया रिपोर्ट्स से आई थी ये खबर
इसी बीच धोनी ने इस बात को साफ किया कि उनका इशारा ना तो भारतीय क्रिकेट टीम के किसी सदस्य की ओर है और ना ही कोचिंग स्टाफ की ओर। आपको बता दें कि कुछ ही दिन पहले बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा था, 'आप धोनी के बारे में कभी कोई आकलन नहीं लगा सकते। लेकिन विश्व कप के बाद धोनी का भारत के लिए खेलना बहुत मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि उन्होंने क्रिकेट के तीनों फार्मेट से अपनी कप्तानी छोड़ने का फैसला तुरंत किया था इसलिए इस समय धोनी के किसी फैसले पर भविष्यवाणी करना बहुत मुश्किल है।'
VIDEO: टीम से बाहर करने को शोएब मलिक ने ठहराया सही पर बोले इस बात का है अफसोस


Click it and Unblock the Notifications
