
धोनी की बल्लेबाजी देख हैरान रह गये कोच
झारखंड की रणजी टीम के कोच राजीव कुमार ने कहा कि मुझे लग रहा था कि धोनी इतने समय बाद बल्लेबाजी करने उतर रहे हैं तो शुरुआत में उन्हें थोड़ी परेशानी होगी, लेकिन कमाल की बात है कि हर गेंद उनके बल्ले के बीचों बीच लग रही थी।
उन्होंने कहा, 'मैं ईमानदारी से कहूं तो.. मुझे लगा था कि धोनी ने लंबे समय से ट्रेनिंग नहीं की है तो उन्हें थोड़ी परेशानी होगी। आखिरी बार जब हमने बात की थी तो उन्होंने कहा था कि वह जनवरी में शुरू करेंगे और देख लीजिए उन्होंने अभ्यास शुरू कर दिया। वह अपनी बात पर कायम रहने वाले खिलाड़ी हैं। इसमें कोई हैरानी वाली बात नहीं थी कि वह टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ किसी आम झारखंड के खिलाड़ी की तरह ही खेल रहे थे, लेकिन जिस बात से मुझे हैरानी हुई वह यह थी कि उन्होंने लगभग हर गेंद को बल्ले के बीचों-बीच लिया, चाहे वो तेज गेंदबाज हों या स्पिनर। उन्होंने थ्रोडाउनस को भी अच्छी तरह खेला।'

धोनी ने शुरु की आईपीएल की तैयारी
कोच ने बताया कि एमएस धोनी ने फिलहाल आईपीएल-2020 की तैयारियां शुरू की हैं।
कोच ने कहा, 'मैंने राष्ट्रीय टीम को लेकर उनसे अभी तक बात नहीं की है। लेकिन अगले आईपीएल के लिए उन्होंने तैयारियां शुरू कर दी हैं। टीम रविवार से रणजी ट्रॉफी खेलने में व्यस्त होगी वहीं धोनी तब तक अभ्यास करेंगे जब तक वो रांची में हैं।'

अभ्यास के दौरान यह अलग करते नजर आये धोनी
कोच राजीव कुमार ने एमएस धोनी की काफी तारीफ की, ऐसे में जब उनसे यह पूछा गया कि धोनी ने इन 2 दिनों में पहले से अलग क्या किया तो उन्होंने कहा कि वह इस दौरान गेंदबाजों से काफी बातचीत करते नजर आये।
कोच ने कहा, 'वह बेहद पेशेवर खिलाड़ी हैं। उन्होंने युवाओं के साथ समय बिताया, खासकर गेंदबाजों के साथ। उन्होंने गेंदबाजों से लाइन और लैंग्थ को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कहां और किधर गेंद डालनी चाहिए और बल्लेबाजों को कैसे फंसाना चाहिए। धोनी जैसे सीनियर खिलाड़ी से जितनी उम्मीद की जानी चाहिए वे उतने ही खुलकर खिलाड़ियों से बात कर रहे थे।'


Click it and Unblock the Notifications
