
गेंदबाजों की सलाह सुनते हैं विराट कोहली
भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने हाल ही में टाइम्स नाउ को दिये एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि कप्तान विराट कोहली टीम में तेज गेंदबाजों के साथ किस तरह से संयोजन बनाने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा, 'विराट भैया हमेशा सुनते हैं। सबसे पहले वह उम्मीद करते हैं कि गेंदबाज टीम प्लान के हिसाब से बॉलिंग करे। लेकिन अगर यह काम नहीं करता तो वह बचाव के लिए आगे आते हैं। वह गेंदबाज के पास आते हैं और उसकी राय मांगते हैं। वह हमेशा गेंदबाजों की सलाह की सराहना करते हैं और यह बेहद जरूरी भी है।'

विराट को पसंद आती है गेंदबाजों की यह बात
नवदीप सैनी ने आगे बताया कि भारतीय कप्तान चाहते हैं कि मैदान पर सिर्फ कप्तान ही नहीं बल्कि पूरी टीम अपने विचार साझा करे जिसके तहत प्लान तैयार करके जीत हासिल की जा सके।
उन्होंने कहा, 'विराट कोहली का यह स्वभाव बताता है कि वह एक विचारवान क्रिकेट हैं। वह यह जानते हैं कि वह क्या कर रहे हैं और आगे वह क्या करना चाहते हैं। इसलिए कोहली पहले आपके प्लान के बारे में सुनते हैं और इसके बाद अगर जरूरत हो तो अपनी राय देते हैं। वह हमेशा कहते हैं कि ऐसा कर सकते हैं, लेकिन अपने गेंदबाजों की तरफ से भी अच्छा रिस्पॉन्स चाहते हैं। वह यह नहीं चाहते है कि हर कोई बस उनकी हां में हां मिलाए।'

हां में हां मिलाने वाले नहीं पसंद
नवदीप सैनी ने साफ किया कि भारतीय कप्तान विराट कोहली को वो खिलाड़ी नहीं पसंद हैं जो उनकी हां में हां मिलाते रहें, बल्कि वह उन गेंदबाजों को पसंद करते हैं जो कि अपना रिएक्शन और विचार रखने में झिझकते नहीं हैं।
गौरतलब है कि नवदीप सैनी भारतीय टीम में कोहली की कप्तानी में खेलने के बाद अब आईपीएल में भी उन्हीं की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलेंगे। आपको बता दें कि 19 सितंबर से यूएई में आईपीएल 2020 का आयोजन किया जायेगा जिसमें नवदीप सैनी खेलते हुए नजर आएंगे।


Click it and Unblock the Notifications
