इस्लामाबाद। विश्वकप 2015 की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, जहां विश्वकप खेलने को तैयार 14 टीमों ने इस टूर्नामेंट के लिए कमरतोड़ मेहनत शुरू कर दी हैं वहीं दूसरी ओर कुछ खिलाड़ी और टीमें अपने टोटके भी आजमाने से बाज नहीं आ रहे हैं। विश्वकप में एक बार भी भारत को अभी तक हरा नहीं पायी पाकिस्तान टीम भी अब टोटकों पर उतर आयी है और इसलिए अब इस टीम के कुछ दिग्गज खिलाड़ी अपनी मौलवियों की सलाह पर अपनी टी-शर्ट पर नंबर लिखवा रहे हैं।
आपको जानकर हैरत होगी कि पाकिस्तान टीम के खास खिलाड़ी उमर अकमल ने अपने पीरबाबा की सलाह पर अपनी टी-शर्ट पर तीन नंबर प्रिंट कराने का आर्डर दिया है अकमल अभी तक 96 नंबर की जर्सी पहनते थे लेकिन विश्वकप में वो तीन नंबर की जर्सी पहनें नजर आयेंगे। अकमल के अलावा हारिश सोहेल ने भी अपनी जर्सी पर 80 नंबर के बजाय 89 नंबर प्रिंट करने को कहा है।
अकमल और सौहैल की तरह इन दिनों शाहिद अफरीदी, यूनिस खान और कप्तान मिस्बाह उल हक भी अलग-अलग नंबरों की जर्सी के साथ विश्वकप के मैदान पर नजर आयेंगे। अफरीदी इन दिनों 10 नंबर, यूनिस खान 75 और कप्तान हक 22 नंबर की टी-शर्ट के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं और इन्हीं नंबरों के साथ ही वो विश्वकप भी खेलेंगे। देखते हैं कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों का यह टोटका उनका विश्वकप में कितना साथ देता है।
मालूम हो कि नियम के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड किसी भी बड़े टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों को अपने शर्ट और जर्सी के नंबर को चुनने की छूट देता है।