नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ अबू धाबी में वनडे सीरीज के तीसरे मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने ऐसा कारनामा कर दिखाया जिससे दुनियाभर के बल्लेबाजों के लिए खौफ पैदा हो सकता है।
बाबर आजम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीसरे वनडे में शतक लगाया है। यह रिकॉर्ड बनाने वाले वह दुनिया के 8वें बल्लेबाज बन गए हैं।
पाकिस्तान की तरफ से ऐसा करने वाले जहीर अब्बा और सईद अनवर के बाद तीसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंंने तीसरे वनडे में 117 रनों की पारी खेली। जबकि इससे पहले इसी सीरीज के पहले दो मैचों में 120 और 123 रनों की पारी खेली थी।
बाबर आज़म जैसा रिकॉर्ड भारत की तरफ से आजतक कोई भी बल्लेबाज नहीं बना पाया है।
पाकिस्तान ने बाबर आजम की इस शानदार पारी की बदौलत तीसरा एकदिवसीय मैच भी जीतकर सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप कर दी। पाकिस्तान के इस बल्लेबाज की फॉर्म देखकर क्रिकेट के विशेषज्ञ भी हैरान हैं।
अगर वह ऐसे ही बेहतरीन ढंग से खेलते रहे तो आगामी क्रिकेट विश्वकप में पाकिस्तान पर क्वॉलीफाई करने का खतरा भी दूर हो सकता है।
बाबर आज़म के नाम तीन मैचों की वनडे सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ है। बाबर आजम ने कुल 360 रन बनाए हैं। इससे पहल यह रिकॉर्ड क्विंटन डी कॉक के नाम दर्ज था, जिन्होंने कुल 342 रन बनाए थे। वहींं भारत की तरफ से शिखर धवन ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में सर्वाधिक 283 रन बनाए हैं।
21 वर्षीय बाबर आजम इसलिए भी अन्य बल्लेबाजोंं के लिए खतरा हैं क्योंकि उन्होंने 886 रन बना लिए हैं और सबसे तेज 1 हजार रन पूरे करने के लिए उन्हें 2 मैचों में महज 114 रन ही चाहिए। भारत की तरफ से इस मामले में विराट कोहली और शिखर धवन सबसे ऊपर हैं। जबकि विश्व क्रिकेट की बात करें तो विवियन रिचर्ड सबसे ऊपर हैं।
बाबर आजम ने इस साल पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक रन बनाए हैं। इसके साथ ही वह शीर्ष 10 वनडे बल्लेबाजों में भी शामिल हैं। भारतीय गेंदबाज आर अश्विन भी बाबर आजम के फैन हो गए हैं।